बाबरी। क्षेत्र के गांव भंदौड़ा में शुक्रवार की रात घुड़चढ़ी के दौरान आतिशबाजी की चिंगारी से एक छप्पर में आग लग गई। इस हादसे में एक गाय झुलस गई और छप्पर को नुकसान पहुंचा। गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई।
यह घटना सतपाल कश्यप के पोते शुभम कश्यप की घुड़चढ़ी के कार्यक्रम के दौरान हुई। शादी की खुशी में आतिशबाजी की जा रही थी। सतपाल के अनुसार, आतिशबाजी से निकली एक चिंगारी पास रखे छप्पर पर जा गिरी। इससे छप्पर में आग लग गई और देखते ही देखते आग फैलने लगी। आग लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तुरंत एकजुट होकर आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। आग बुझने के बाद वैवाहिक कार्यक्रम फिर से शुरू हो गया।
पुलिस अधीक्षक नरेंद्र प्रताप सिंह ने शादी समारोहों में आतिशबाजी के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों में सुरक्षा नियमों का पालन करना आवश्यक है। इस तरह के हादसों से बचने के लिए सतर्कता जरूरी है। ग्रामीणों की सूझबूझ से बड़ा नुकसान टल गया।
