छपार(मुजफ्फरनगर)। बढ़ीवाला के पूर्व प्रधान की पुत्रवधू अंजलि की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाने का प्रयास किया। इस दौरान ससुराल और मायके पक्ष के लोगों ने पुलिस का विरोध किया। विरोध के दौरान महिलाएं पुलिस की गाड़ी के सामने लेट गई। पुलिस मृतका के पिता को पकड़ कर थाने ले जाने लगी लेकिन उसे भीड़ ने छुड़ा लिया और पुलिस के साथ खींचतान हुई। आधा घंटे तक हंगामा हुआ। इस बीच किसी ने भीड़ में से जीप पर ईंट भी फेंकी। पुलिस ने लोगों को समझाया और महिला का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
गांव बढ़ीवाला निवासी पूर्व प्रधान समंदर के पुत्र नितिन की शादी 23 जून को थाना पुरकाजी क्षेत्र के गांव गोधना निवासी समंदर की पुत्री अंजलि के साथ हुई थी। अंजलि की चार दिन पूर्व तबीयत खराब हो गई, जिस पर ससुराल वालों ने उसे गांव दधेडू में प्राइवेट डॉक्टर को दिखाया।
पूर्व प्रधान ने बताया कि उसे सांस आने में दिक्कत हो रही थी रोज सुबह उसे डॉक्टर के ले जाते थे और शाम को घर ले आते थे। शनिवार सुबह लगभग 10 बजे उसकी हालत बिगड़ने पर उसकी कुछ देर बाद मौत हो गई। शव घर ले आए और सूचना पर उसके माता-पिता व भाई भी पहुंच गए।
वह भी शव के अंतिम संस्कार के लिए तैयार हो गए। इस बीच पुलिस ने पहुंचकर शव का पोस्टमार्टम कराने के लिए कहा लेकिन परिजनों ने इन्कार कर दिया और महिला व पुरुषों ने हंगामे शुरू कर दिया। पुलिस मृतका के पिता को पकड़कर थाने ले जाने लगी लेकिन भीड़ ने उसे छुड़ा लिया उसके बाद पुलिस शव उठाकर जीप में रखकर ले जाने लगी तो मृतका की मां हुकमदेई महिलाओं के साथ जीप के आगे लेट गई और पुलिस का विरोध किया।
सीओ सदर सुनील कुमार का कहना है कि सूचना मिली थी एक महिला की हत्या कर अंतिम संस्कार की तैयारी की जा रही है। पुलिस ने वहां पहुंच कर उन्हें समझाया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। मृतका के भाई सुनील का कहना है कि दोनों पक्ष अंतिम संस्कार पर सहमत थे लेकिन पुलिस जबरदस्ती करती रही।
