– 50 बेड के सीएचसी भवन का हुआ भूमिपूजन, सांसद और विधायक ने किया शिलान्यास

– 19.66 करोड़ रुपये की लागत से होगा निर्माण, बढ़नी पीएचसी को उच्चीकृत कर बनाया जाएगा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र

तुलसियापुर/ढेबरुआ। क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में शनिवार को महत्वपूर्ण पहल हुई। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बढ़नी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) के रूप में उच्चीकृत करने के लिए भवन निर्माण का भूमिपूजन किया गया। 50 बेड के इस अस्पताल के निर्माण पर 1966.11 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। सांसद जगदंबिका पाल और विधायक विनय वर्मा ने विधिवत शिलान्यास किया।

इस मौके पर सांसद जगदंबिका पाल ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। बढ़नी पीएचसी के उच्चीकरण से क्षेत्र के लोगों को स्थानीय स्तर पर बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलेगा।

शोहरतगढ़ विधायक विनय वर्मा ने कहा कि बढ़नी क्षेत्र में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की स्थापना लंबे समय से लोगों की मांग रही है। उनके व्यक्तिगत प्रयासों से पीएचसी को सीएचसी के रूप में उच्चीकृत करने की पहल साकार हुई है। परियोजना पूरी होने के बाद बढ़नी सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिल सकेंगी।

कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह, प्रभारी सीएमओ डॉ. प्रमोद कुमार, मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. राजेश मोहन, एसडीएम रवीश कुमार गुप्ता, सीओ परवीन प्रकाश सहित स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन के अन्य अधिकारी मौजूद रहे। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने परियोजना को क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।



Source link

अभी अभी की खबरें