छुटमलपुर। ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि यूपी बंदूक की गोली और बुलडोजर से नहीं, बल्कि संविधान से चलेगा। भाजपा की हैट्रिक रोकने के लिए सामाजिक परिवर्तन मोर्चा बनाया गया है। यहां का आवाम परिवर्तन का मन बन चुका है। कहा कि सांसद चंद्रशेखर आजाद को मुख्यमंत्री बनाएं। उसके बाद वह दोनों भाई मिलकर दिल्ली से मोदी को हटाने का काम करेंगे।

ओवैसी छुटमलपुर में आजाद समाज पार्टी के सांसद चंद्रशेखर के निवास पर लंच के बाद छत पर खड़े होकर समर्थकों की भीड़ को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि 26 तारीख को लखनऊ में मोर्चा की बड़ी रैली है आप वहां पहुंचकर उसे सफल बनाएं। आधी लड़ाई हम तभी जीत लेंगे। हमारे पास दूसरी पार्टियों की तरह दौलत नहीं है, लेकिन सच्चाई है। इससे पहले पत्रकारों से बातचीत में ओवैसी ने कहा कि हालिया सियासत फिरकापरस्ती और मौकापरस्ती पर चल रही है। यहां रूल ऑफ गन चल रहा है। एनकाउंटर किए जा रहे हैं। मस्जिदों को निशाना बनाया जा रहा है।

भाजपा की बी टीम की तरह काम करने के इल्जाम को झूठा बताते हुए कहा कि वह भाजपा को रोकने के लिए साथ आए हैं। सपा-कांग्रेस गठबंधन भाजपा को नहीं हरा सकता है। सपा नेता आजम खान के बयान हैदराबादी बिरयानी नहीं चलेगी से निशाने पर आने के सवाल पर ओवैसी ने कहा कि एनकाउंटर में ज्यादातर अल्पसंख्यक समाज के लोग शिकार बने हैं। यह मसला खाने का नहीं लोगों की जिंदगी बचाने का है।

बाबा रामदेव के दो बच्चों से ज्यादा वालों को सरकारी सुविधाएं न देने के बयान पर सांसद ने कहा कि बाबा चंद्रबाबू नायडू को संतुष्ट करें जो एनडीए का हिस्सा हैं और बच्चे पैदा करने पर पैसे दे रहे हैं। हमारे देश में सबसे ज्यादा 35 साल के जवान हैं। इन्हें मोदी, योगी और अखिलेश ने क्या दिया है। चंद्रशेखर के घर के कुर्की नोटिस के सवाल पर उन्होंने कहा कि यह डर है। जमीन पैरों के नीचे से खिसक रही है। ऐसा बौखलाहट में किया जा रहा है। इससे पूर्व एआईएमआईएम प्रमुख और सांसद चंद्रशेखर ने कलक्ट्रेट में एडीएम-ई को मजिस्ज ध्वस्तीकरण के मामले में ज्ञापन सौंपा।



Source link

अभी अभी की खबरें