नगर के अतलस पोखरा स्थित प्रतिभा निकेतन इंटर कॉलेज में शनिवार को जिला युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल विभाग की ओर से जनपद स्तरीय युवा उत्सव आयोजित किया गया। विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग-2027 के कल्चरल ट्रैक के तहत हुई प्रतियोगिता की थीम ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ रही।

मुख्य अतिथि मुख्य कोषाधिकारी अनुराग श्रीवास्तव ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। जिला युवा कल्याण अधिकारी सुल्तान सिंह ने आयोजन के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। मुख्य अतिथि ने युवाओं को अपनी प्रतिभा के दम पर जनपद और प्रदेश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।

लोक नृत्य, लोकगीत, नुक्कड़ नाटक, पेंटिंग और कविता लेखन की प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने हुनर दिखाया। लोक नृत्य और नुक्कड़ नाटक में प्रतिभा निकेतन इंटर कॉलेज की टीमों ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि लोकगीत में चिल्ड्रेन हायर सेकेंडरी स्कूल की टीम विजेता रही।

निर्णायक मंडल में डॉ. निशा यादव, सपना बनर्जी, सुनील दत्त विश्वकर्मा, डॉ. संजय, प्रीति श्रीवास्तव और आरएस तिवारी शामिल रहे। पूर्व जिला युवा कल्याण अधिकारी राजनेति सिंह ने विजेताओं को पुरस्कार और प्रमाणपत्र प्रदान किए।

जिला युवा कल्याण अधिकारी सुल्तान सिंह ने बताया कि प्रथम स्थान पाने वाले प्रतिभागी रविवार को मंडल स्तरीय युवा उत्सव में हिस्सा लेंगे। इसी दिन माय भारत पोर्टल पर निबंध प्रतियोगिता के आधार पर चयनित 38 युवा जिला चैंपियनशिप के पीपीटी राउंड में प्रतिभाग करेंगे।

कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंधक रामाकांत वर्मा, अनीश कुमार मौर्य, अखिलेश्वर मौर्य, विवेक रंजन यादव और रोहित कुमार यादव सहित अन्य लोग मौजूद रहे।



Source link

अभी अभी की खबरें