बेवाक टिप्पणी के जरिए कई बार अपनी ही सरकार पर तंज कसने वाले गोपामऊ के भाजपा विधायक श्याम प्रकाश मंगलवार को फिर चर्चा में आ गए। इस बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की देशवासियों से सोना न खरीदने की अपील पर सोशल मीडिया पर की गई टिप्पणी को लेकर श्याम प्रकाश चर्चा में हैं। अपने बेटे की दिसंबर में होने वाली शादी को लेकर चिंता जाहिर करते हुए श्याम प्रकाश ने लिखा है कि कहीं बिना सोने के जेवर बारात वापस न कर दी जाए।
गोपामऊ से भाजपा विधायक श्याम प्रकाश अपनी मुखरता के लिए अलग पहचान रखते हैं। उनके क्षेत्र में लोकप्रियता की एक बड़ी बजह भी यही मानी जाती है। मंगलवार को उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोना न खरीदने की अपील पर सोशल मीडिया पर अपील करदी। उन्होंने सवाल उठाया कि बिना मंगलसूत्र और सोने के गहने ले जाए क्या कोई हिंदू विवाह हो जाएगा।
इसी बात को आगे बढ़ाते हुए लिखा कि मेरे बेटे की शादी भी दिसंबर में है। इसलिए मुझे चिंता है कि कहीं बिना सोने के जेवर बरात न वापस कर दी जाए, जोकि अक्सर होता भी है। उन्होंने सुझाव भी किया है कि एक साल तक के लिए सभी विवाह ही रोक दिए जाएं। इसे उन्होंने विकल्प बताते हुए प्रश्नवाचक चिंह भी बनाया है। इस सबसे इतर उन्होंने यह भी लिखा है कि मोदी जी के आवाहन पर वह खुद भी इलेक्टि्रक वाहन लेने पर विचार कर रहे हैं।
