Hardoi News: जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय की अध्यक्षता में स्वामी विवेकानंद सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने तथा सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जनपद में दुर्घटना संभावित क्षेत्रों एवं चिन्हित किये गये ब्लैक स्पॉट पर आवश्यक सुधारात्मक कार्यवाही समयबद्ध ढंग से सुनिश्चित की जाए। प्रमुख मार्गों एवं चौराहों पर सड़क सुरक्षा के सभी आवश्यक उपाय किए जाएं। दुर्घटना संभावित स्थलों पर रंबल स्ट्रिप, चेतावनी एवं दिशा सूचक साइन बोर्ड तथा रोड मार्किंग आदि की व्यवस्था प्राथमिकता पर सुनिश्चित की जाए। उन्होंने एनएचएआई एवं लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से सड़क सुरक्षा संबंधी कार्यों की जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में पूर्ण कराए जाएं तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।

जिलाधिकारी ने सर्दी एवं कोहरे के दृष्टिगत सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए एआरटीओ को विशेष अभियान चलाकर प्रतिदिन अधिक से अधिक वाहनों पर रिफ्लेक्टर लगवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि टोल प्लाजा पर ट्रकों एवं अन्य भारी वाहनों की जांच कर उन पर रिफ्लेक्टर लगवाए जाएं। जनपद की सभी चीनी मिलों के सहयोग से गन्ना ढुलाई में लगी ट्रैक्टर-ट्रॉलियों तथा धान ढुलाई में प्रयुक्त ट्रैक्टर-ट्रॉलियों सहित अन्य सभी ट्रैक्टर-ट्रॉलियों पर भी रिफ्लेक्टर लगवाना सुनिश्चित किया जाए, ताकि कोहरे के दौरान वाहन दूर से दिखाई दे सकें और दुर्घटनाओं मे कमी हो सके।
उन्होंने यातायात जाम की समस्या पर नाराजगी व्यक्त करते हुए निर्देश दिए कि जाम लगने के प्रमुख कारणों को चिन्हित कर उनका स्थायी समाधान किया जाए। शहर के प्रमुख चौराहों, बाजारों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में यातायात का संचालन सुचारू रखा जाए। अवैध पार्किंग एवं अतिक्रमण के विरुद्ध अभियान चलाया जाए तथा ई-रिक्शा सहित अन्य वाहनों का व्यवस्थित संचालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि शहर में यातायात व्यवस्था ऐसी हो कि आमजन को अनावश्यक जाम का सामना न करना पड़े। इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से प्रभावी कार्यवाही करें।
जिलाधिकारी ने वाहन चालकों एवं सहयात्रियों को सीट बेल्ट तथा दोपहिया वाहन चालकों को अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए। उन्होंने बिना हेलमेट एवं बिना सीट बेल्ट वाहन चलाने वालों के विरुद्ध नियमित चेकिंग अभियान चलाकर चालान की कार्यवाही सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही आमजन को यातायात नियमों का पालन करने के लिए जागरूक किया जाए, जिससे सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली जनहानि को कम किया जा सके। यातायात नियमो का उल्लंघन करने वालों के विरूद्ध प्रभावी प्रवर्तन कार्यवाही सुनिश्चित की जाये। बैठक में अपर जिलाधिकारी न्यायिक राजेन्द्र कुमार, नगर मजिस्ट्रेट संजय कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
