लवेदी। बसैयाहार गांव में हार्वेस्टर चालक का शव घर के अंदर बने कमरे में फंदे से लटका मिला। इससे परिजनों में चीख-पुकार मच गई। पुलिस व फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य एकत्र कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। चालक की पत्नी का भी सात साल पहले निधन हो चुका है।
परिजनों के अनुसार बसैयाहार निवासी राहुल (31) पंजाब में हार्वेस्टर चलाने का काम करता था। वह पांच दिन पहले घर लौटा था। घर आने के बाद वह रोजाना शराब पीकर परिवार को परेशान करता था। बृहस्पतिवार दोपहर में भी नशे में तोड़फोड़ मचाने पर राहुल के भाई आकाश ने डायल 112 नंबर पर सूचना दी। पुलिस उसे समझाकर चली गई थी। इसके बाद पिता उदयवीर, छोटे बेटे आकाश व दोनों बेटियों के साथ गेहूं कटाई करने चले गए।
देर शाम जब वह घर लौटे तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। किसी तरह कमरे में जाकर देखा तो राहुल फंदे से लटका था। चौकी प्रभारी जितेंद्र चौधरी ने बताया कि प्रथम दृष्टया युवक ने फंदा लगाकर जान दी है। युवक शराब का आदी बताया गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
