हाथरस। शहर के डाकखाना वाली गली स्थित सरिता प्रेम मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल में औषधि निरीक्षक (डीआई) राजकुमार शर्मा के पहुंचने के बाद हंगामा खड़ा हो गया। अस्पताल संचालक एवं आईएमए के सचिव डॉ. भरत यादव ने डीआई पर अभद्रता और मेडिकल स्टोर लाइसेंस के नाम पर रिश्वत मांगने का आरोप लगाया।
इस मामले में डीआई ने हॉस्पिटल स्टाफ पर अभद्रता करने और बंधक बनाने का आरोप लगाया। हंगामे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। आईएमए के पदाधिकारी और एसीएमओ भी मौके पर पहुंचे। काफी देर तक अस्पताल पर गहमा-गहमी रही।
डॉ. भरत यादव पहले मोहनगंज में अस्पताल का संचालन करते थे। कुछ महीने पहले ही उन्होंने डाकखाना वाली गली में नया अस्पताल शुरू किया है। डॉ. भरत के अनुसार उनके अस्पताल का पंजीकरण है। अस्पताल में मेडिकल स्टोर संचालित करने के लिए लाइसेंस के लिए आवेदन कर रखा है। मेडिकल स्टोर पर काम चल रहा है।
रविवार देर शाम डीआई मेडिकल स्टोर की जांच के लिए पहुंचे। यहां ड्रग स्टोर देखा और फिर चिकित्सक के केबिन में चले गए। यहां कुछ देर की बातचीत के बाद दोनों में कहासुनी हो गई। स्टाफ व ओपीडी के लिए मौजूद मरीज व तीमारदार भी एकत्रित हो गए। दोनों एक-दूसरे पर आरोप लगाते रहे।
डॉ. भरत यादव ने आरोप लगाया कि डीआई का व्यवहार अशोभनीय था। उन्होंने ड्रग स्टोर के लाइसेंस के लिए धमकाने का प्रयास किया और 28 हजार रुपये की मांग की। विरोध करने पर डीएम को फोन लगाने की बात कहने लगे।
इधर, डीआई राजकुमार शर्मा ने बताया कि वह 23 नवंबर से 4 दिसंबर तक चल रहे अभियान के अंतर्गत अस्पतालों में चल रहे मेडिकल स्टोर को देखने आए थे। यहां मौजूद युवक ने चिकित्सक से मिलने के लिए बोला। मेडिकल स्टोर के लाइसेंस के बारे में पूछने पर अभद्रता की गई। स्टाफ ने आई-कार्ड मांगा और फोन छीन लिया। इसके बाद उन्होंने अधिकारियों को सूचना दी।
मामला संज्ञान में आते ही डीएम ने एसपी और सीएमओ से बात की। शहर कोतवाल अवधेश सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। थोड़ी देर में तहसीलदार व एसीएमओ डॉ. मधुर आ गए। चिकित्सक से अभद्रता व रिश्वत मांगने की जानकारी पर आईएमए के पदाधिकारी व अन्य चिकित्सक भी अस्पताल पहुंच गए। देर रात तक प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम कार्रवाई में जुटी थी।
