कासगंज। निर्माणाधीन मथुरा-बरेली हाईवे पर मिली शाहजहांपुर की महिला की हत्या का पुलिस ने रविवार को खुलासा कर महिला के पूर्व पति समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों ने गला दबाकर हत्या करने के बाद शव हाईवे किनारे फेंक दिया था। उनके पास से बोलेरो कार व मृतका का मोबाइल बरामद हुआ है।
एसपी ओपी सिंह ने बताया कि 25 नवंबर सुबह क्यामपुर बहेड़िया गांव के सामने मिले अज्ञात शव की पहचान शनिवार को भाई अमित कुमार ने अपनी बहन अरुणा यादव उर्फ नीतू पत्नी अजय यादव निवासी भरतामऊ थाना मिर्जापुर जिला शाहजहांपुर के रूप में की थी।
भाई की तहरीर पर सदर कोतवाली में हत्या, साक्ष्य मिटाने व आपराधिक षड्यंत्र की प्राथमिकी दर्ज हुई थी। उन्होंने बताया कि एएसपी आलोक सिंह व सीओ सदर आंचल चौहान के नेतृत्व में गठित पांच टीमों ने रविवार को गोरहा के आगे नौरथा मार्ग से बदायूं के उसावा क्षेत्र के अभिगांव निवासी पूर्व पति हरिनंदन सिंह उर्फ गुड्डू और साथी कृष्णगोपाल उर्फ जीसुख को गिरफ्तार कर लिया।
—————————
ककोड़ा मेला में स्नान कराने के बहाने लाए थे
पूछताछ के दौरान बताया कि 24 नवंबर की शाम करीब 6:30 बजे आरोपी पूर्व पति हरिनंदन उर्फ गुड्डू अपने साथी नंदकिशोर के साथ बोलेरो से अरुणा को कार्तिक पूर्णिमा पर ककोड़ा मेला में स्नान कराने के बहाने लालकुआं, हापुड़ रोड से अपने साथ ले गया था। रात करीब 1 बजे मेला से वापसी के दौरान बदायूं-कासगंज मार्ग पर आरोपी कृष्णगोपाल को भी गाड़ी में बैठा लिया।
——————————-
उझानी और कछला के बीच की हत्या
पुलिस के मुताबिक, महिला को दिल्ली छोड़ने के बहाने ले जाते समय उझानी-कछला के बीच गाड़ी रोकी। नंदकिशोर ने महिला के हाथ और कृष्णगोपाल ने पैर पकड़ लिए जबकि हरिनंदन ने गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी शव को गंगा नदी में फेंकने के लिए कछला ले गए लेकिन कार्तिक पूर्णिमा के कारण वहां भीड़ अधिक होने से ऐसा नहीं कर सके। इसके बाद आरोपी कार से कासगंज की ओर आए और निर्माणाधीन मथुरा-बरेली हाईवे पर क्यामपुर बहेड़िया गांव के पास शव फेंककर भाग गए।
——————
दूसरी पत्नी ने तैयार किया था हत्या का प्लान
हरिनंदन के अनुसार, उसकी मौजूदा पत्नी ज्योति और अरुणा के बीच विवाद था। इसके अलावा एक प्लॉट और अन्य संपत्ति पर भी विवाद चल रहा था। पुलिस के मुताबिक, इसी विवाद के चलते हत्या की साजिश रची गई। बताया कि अरुणा दोबारा उसके साथ रहना चाहती थी। इस पर वह उसे बार-बार परेशान करती थी जबकि उसकी दूसरी पत्नी ज्योति इसका विरोध करती थी। उसकी दूसरी पत्नी ने अरुणा को रास्ते से हटाने के लिए हत्या का प्लान तैयार किया था। आरोपी ने अपने दोनों साथियों को हत्या में सहयोग करने के बदले दो-दो लाख रुपये देने का वादा किया था।
