प्लेऑफ की होड़ से लगभग बाहर हो चुकी लखनऊ सुपरजायंट्स के लिए घरेलू मैदान में रॉयल चैलेंजर्स बंगलूरू के खिलाफ जीत दर्ज करके साख बचाने उतरेगी। हालांकि मेजबान टीम के लिए लगातार मिल हार से पीछा छुड़ना इतना आसान नहीं होने वाला है, क्योंकि टीम का सामना विराट कोहली, रजत पाटीदार, देवदत्त पडिक्कल, भुवनेश्वर कुमार और जोश हेजलवुड जैसे खिलाड़ियों से सजी रॉयल चैलेंजर्स बंगलूरू से होगा। गुजरात टाइटंस के खिलाफ पिछले मुकाबले में हार का सामना करने वाली बंगलूरू की टीम लखनऊ के खिलाफ जीत दर्ज करके प्लेऑफ के लिए अपनी दावेदारी को और भी मजबूत करना चाहेगी।
आरसीबी के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली (नौ मैच में 379 रन) की अगुवाई में देवदत्त पडिक्कल (नौ मैच में 282) और कप्तान रजत पाटीदार (नौ मैच में 257 रन) ने शानदार खेल दिखाया है, जबकि गेंदबाजी में शीर्ष पर काबिज भुवनेश्वर कुमार (नौ मैच में 17 विकेट) ने एक छोर पर मोर्चा संभाले रखा है। यहां उन्हें जोश हेजलवुड का भरपूर साथ मिला। लखनऊ के खिलाफ बीते 15 अप्रैल को खेले गए मैच में बंगलूरू ने पांच विकेट से शानदार जीत दर्ज की थी। इस मुकाबले में विराट कोहली ने 49 रन की शानदार पारी खेली थी। ऐसे में लखनऊ में उनसे एक और बड़ी पारी की उम्मीद होगी।
जहां तक एलएसजी का सवाल है तो उसका प्रदर्शन अभी तक निराशाजनक रहा है। टीम पिछले छह मैचों में हार झेलने के कारण अंक तालिका में सबसे निचले स्थान पर है। मिचेल मार्श, कप्तान ऋषभ पंत, एडन मार्क्रम और निकोलस पूरन जैसे प्रमुख बल्लेबाज अपने प्रदर्शन में निरंतरता नहीं रख पाए हैं। इसके अलावा बल्लेबाजी क्रम में बार-बार फेरबदल ने उनकी मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। साथ ही पंत की कप्तानी पर भी सवाल खड़े हो गए हैं।
ऐसे में एलएसजी के बल्लेबाजों के लिए अनुभवी भुवनेश्वर कुमार और ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड की अगुवाई वाले आरसीबी के मजबूत गेंदबाजी आक्रमण का सामना करना आसान नहीं होगा। गेंदबाजी में एलएसजी के लिए प्रिंस यादव और मोहसिन खान ने क्रमशः 13 और 10 विकेट लेकर शानदार प्रदर्शन किया है। मोहम्मद शमी ने सत्र की दमदार शुरुआत की थी, लेकिन पिछले कुछ मैचों में उनका प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा और उन्होंने जमकर रन लुटाए।
