सिरसा कलार। कस्बे में आग लगने से अखबार विक्रेता और प्रेस करने वाले नंद किशोर रजक का लकड़ी का ढाला जलकर राख हो गया। इसमें ग्राहकों के कपड़े, प्रेस, नकदी से भरी गोलक, चादर और अन्य सामान जल गया। घटना से उनके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।


नंद किशोर सुबह साइकिल से अखबार वितरित करते हैं। इसके बाद ढाले पर कपड़ों की प्रेस का काम करते हैं। बताया गया कि देवउठनी एकादशी पर कस्बे में गन्ना बेचने आए ग्रामीणों के बाद वहां पड़ी सूखी खोई में किसी ने आग लगा दी थी। हवा के साथ आग फैलकर उनके ढाले तक पहुंच गई। दोपहर में खाना खाकर लौटे नंद किशोर ने ढाले को जलता देखा तो मदद के लिए चिल्लाने लगे। ग्रामीणों ने मशक्कत कर आग बुझाई, लेकिन तब तक पूरा सामान जल चुका था। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीड़ित को आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की है। (संवाद)



Source link