उरई। भारतीय जनता पार्टी ने शनिवार को एक होटल में मतदाता जोड़ो अभियान के तहत उरई विधानसभा की बैठक की। इसमें मुख्य अतिथि पूर्व प्रदेश महामंत्री एवं विधान परिषद सदस्य मानवेंद्र सिंह ने कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर घर-घर संपर्क कर नए मतदाता बनाने की जिम्मेदारी सौंपी। मानवेंद्र सिंह ने बताया कि 22 से 24 नवंबर तक कार्यकर्ता मतदाता सूची लेकर घर-घर संपर्क करेंगे। जिन लोगों के नाम सूची में नहीं हैं, उन्हें चिह्नित कर ऑनलाइन या ऑफलाइन फॉर्म छह भरवाकर मतदाता बनाया जाएगा। एक जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं के नाम भी सूची में शामिल किए जाएंगे। बैठक की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष उर्विजा दीक्षित ने की। बैठक में सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष घनश्याम अनुरागी, कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अमित समाधिया, आशीष कोल, विधानसभा प्रभारी अशोक गिरी, पूर्व सांसद भानु प्रताप वर्मा, आरपी निरंजन, मनोज राजपूत और जेपी गौतम सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
महिलाओं और युवाओं पर रहेगा विशेष ध्यान
महिला मोर्चा 28 से 30 नवंबर तक विशेष अभियान चलाएगा। इसमें शादी के बाद ससुराल में रह रही महिलाओं, आशा बहुओं और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से संपर्क किया जाएगा। आजीविका मिशन से जुड़ी महिलाओं के मतदाता पहचान पत्र बनवाने का प्रयास होगा। वहीं, युवा मोर्चा 1 से 3 दिसंबर तक 18 से 25 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं को मतदाता बनाने के लिए अभियान चलाएगा।

