लखनऊ। मेहनत, लगन और हुनर के दम पर आईटीआई के प्रशिक्षुओं ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), अलीगंज और इंस्टीट्यूट ऑफ ट्रेनिंग फॉर ट्रेनर के मेधावियों ने कौशल दीक्षांत समारोह में अपनी उपलब्धियों से लखनऊ का मान बढ़ाया। शनिवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इन प्रशिक्षुओं को सम्मानित किया। प्रधानमंत्री के हाथों सम्मान पाकर प्रशिक्षुओं के चेहरे खिल उठे। किसी के लिए यह सपने के सच होने जैसा था तो किसी ने इसे माता-पिता के सपनों का पूरा होना बताया। अमर उजाला से बातचीत में प्रशिक्षुओं ने अपनी सफलता और भविष्य के लक्ष्य साझा किए।

एक सपने जैसा लगा प्रधानमंत्री के हाथों सम्मान पाना

मूलरूप से अयोध्या निवासी शहबाज का परिवार वर्षों से लखनऊ के सीतापुर रोड स्थित श्रीनगर कॉलोनी में रहता है। उन्होंने अलीगंज स्थित इंस्टीट्यूट ऑफ ट्रेनिंग फॉर ट्रेनर (आईटीओटी) से सीआईटीएस (क्राफ्ट इंस्ट्रक्टर ट्रेनिंग स्कीम) के इलेक्ट्रॉनिक्स मैकेनिक ट्रेड के एक वर्षीय प्रशिक्षण में 750 में से 745 अंक हासिल किए। प्रधानमंत्री से सम्मान पाने के बाद शहबाज ने कहा कि अब भी यकीन नहीं हो रहा कि वह प्रधानमंत्री से मिले हैं। ऐसा लग रहा है जैसे कोई सपना देख रहे हों। मंच पर प्रधानमंत्री मोदी ने उन्हें कड़ी मेहनत करने की सलाह दी। शहबाज का सपना आईटीआई में अनुदेशक बनने का है। उनके पिता मोबिन खान ट्रांसपोर्टर और मां शबा खान गृहिणी हैं।

599 अंक हासिल कर बने सेंट्रल जोन के ऑल इंडिया टॉपर

लखनऊ के फैजुल्लागंज निवासी अब्दुल ने आईटीआई अलीगंज से मैकेनिक डीजल ट्रेड में 600 में से 599 अंक हासिल किए। इस उपलब्धि के साथ वह सेंट्रल जोन से ऑल इंडिया टॉपर बने। प्रधानमंत्री मोदी से सम्मान पाकर वह बेहद खुश हैं। अब्दुल ने बताया कि अब तक प्रधानमंत्री को टीवी पर ही देखते थे, पहली बार मंच पर उनसे मिलने का मौका मिला। उन्होंने कड़ी मेहनत करने की प्रेरणा दी। अब्दुल ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता के आशीर्वाद, गुरुजनों और शिक्षकों के मार्गदर्शन के साथ कठिन परिश्रम को दिया। उनके पिता मोइनुद्दीन सिलाई का काम करते हैं और मां नरगिस गृहिणी हैं।

गांव का नाम रोशन हुआ, अब देश के लिए कुछ करना है

देवरिया जिले के महेन गांव निवासी नीतेश चौरसिया ने फिटर ट्रेड में 1200 में से 1196 अंक हासिल कर सेंट्रल जोन में पहला स्थान प्राप्त किया। इस उपलब्धि पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें मंच से सम्मानित किया। नीतेश ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी से वह बहुत प्रेरित हैं। अब उनका सपना देश के लिए कुछ करने का है। उनके पिता सुभाष चौरसिया निजी कंपनी में तकनीशियन हैं। नीतेश ने अपनी सफलता का श्रेय मेहनत, लगन और माता-पिता के आशीर्वाद को दिया। उनकी उपलब्धि से परिवार में खुशी का माहौल है।

माता-पिता का सपना हुआ पूरा

मूलरूप से गोरखपुर की रहने वाली प्रतिभा ने लखनऊ में रहकर आईटीआई अलीगंज से पढ़ाई की। उन्होंने सीआईटीएस के इलेक्ट्रीशियन ट्रेड के एक वर्षीय प्रशिक्षण में 750 में से 745 अंक हासिल किए। प्रतिभा के पिता अशोक कुमार सेवानिवृत्त शिक्षक हैं और मां प्रेमलता गृहिणी हैं। प्रतिभा ने बताया कि उन्होंने पढ़ाई पर पूरा ध्यान केंद्रित रखा और इसी मेहनत का नतीजा है कि उन्हें यह सफलता मिली। प्रधानमंत्री के हाथों सम्मान मिलने के बाद उन्हें महसूस हुआ कि उन्होंने अपने माता-पिता का नाम रोशन किया है।

अब्दुल

अब्दुल



Source link