कोंच। सांड़ के हमले में घायल रविंद्र ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। शुक्रवार सुबह गांधी नगर निवासी रविंद्र कुमार (52) को एक आवारा सांड ने उठाकर पटक दिया था। गंभीर रूप से घायल रविंद्र की झांसी मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान शुक्रवार देर शाम मौत हो गई।


नगर में आवारा पशुओं का आतंक जानलेवा साबित हो रहा है। रविंद्र कुमार सागर तालाब स्थित आटा चक्की से गेहूं की बोरी रखकर घर लौट रहे थे। पुरानी खंडहर पड़ी सागर चौकी के पास गाय और सांड की लड़ाई चल रही थी। इसी दौरान सांड ने अचानक उन पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। परिजन उन्हें पहले सीएचसी कोंच ले गए। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज उरई रेफर किया। वहां से भी सुधार न होने पर झांसी मेडिकल कॉलेज भेजा गया। रविंद्र मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। रविंद्र कुमार के दो छोटे बच्चे रोहित और अंशु हैं। पिता की मौत से दोनों बच्चों के सिर से साया उठ गया है। परिवार के एकमात्र सहारे की मौत से घर में मातम पसरा है। इस घटना से नगर में आवारा पशुओं की समस्या को लेकर चिंता बढ़ गई है। लोग सड़कों पर घूम रहे सांडों के हमले से भयभीत हैं और ठोस कदम उठाने की मांग कर रहे हैं।



Source link