फोटो – 24 गयादीन अहिरवार की फाइल फोटो।

फोटो – 25 घटना के बाद घर के बाहर पसरा सन्नाटा। संवाद

फोटो – 26 घटना के बाद कालपी कोतवाली में मौजूद लोग। संवाद

– दुर्गा मंदिर चौराहे पर बेटे के सामने स्विफ्ट डिजायर में बैठाकर ले गए थे तीन लोग

– जमीन पर कब्जे के विवाद में हत्या की आशंका, पुलिस ने तीन संदिग्धों को उठाया

संवाद न्यूज एजेंसी

जालौन (कालपी)। बार एसोसिएशन कालपी के अध्यक्ष गयादीन अहिरवार की अपहरण के बाद हत्या कर दी गई। शनिवार शाम करीब पांच बजे हाईवे स्थित दुर्गा मंदिर चौराहे से उन्हें स्विफ्ट डिजायर कार में बैठाकर ले जाया गया था। जानकारी पर पुलिस ने तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। इनकी निशानदेही पर पुलिस ने रविवार सुबह लगभग सात बजे शव कानपुर के गुजैनी थाना क्षेत्र में नहर से बरामद किया। पुलिस जमीन के विवाद में हत्या की बात कह रही है।

कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला कागजीपुरा निवासी गयादीन अहिरवार (62) चौथी बार कालपी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष चुने गए थे। परिवार में पत्नी राजेश्वरी देवी, बेटे सौरभ व हर्ष हैं। दो बेटियां संघमित्रा व मणिमित्रा हैं। संघमित्रा की शादी हो चुकी है जबकि छोटी बेटी मणिमित्रा पिता के साथ ही वकालत सीख रही है। शनिवार को गयादीन उरई स्थित जिला न्यायालय में एक मुकदमे की पैरवी करने गए थे। शाम करीब साढ़े तीन बजे वह तिपहिया वाहन से मुन्ना फुलपावर चौराहे पर उतरे और बेटे हर्ष को स्कूटी लेकर बुलाया।

उन्होंने बेटे से कहा कि दुर्गा मंदिर चौराहे पर उनका एक मुवक्किल इंतजार कर रहा है। बेटा उन्हें स्कूटी से वहां ले गया। चौराहे पर स्विफ्ट डिजायर कार में तीन लोग मौजूद थे। बेटे के मुताबिक, कार से उतरे एक व्यक्ति ने गयादीन के पैर छुए और उन्हें कार में बैठने के लिए कहा। इसके बाद वह कार में बैठ गए और वाहन उरई की ओर रवाना हो गया।

कार पर नंबर प्लेट नहीं लगी थी। इस पर बेटे को शक हुआ और उसने पिता को फोन किया लेकिन मोबाइल बंद मिला। उसने स्कूटी से कार का पीछा भी किया लेकिन उसका पता नहीं चला। इसके बाद परिजन को सूचना दी और तलाश शुरू की। सुराग नहीं मिलने पर पुलिस को जानकारी दी गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने कार सवार तीन लोगों के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

क्षेत्राधिकारी राजेश कमल ने हत्या की पुष्टि करते हुए तीन संदिग्धों को हिरासत में लिए जाने की जानकारी दी। पुलिस हत्या की वजह और वारदात में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।

पुराने मुकदमे और लेनदेन भी हत्या की वजह होने की आशंका

कालपी। पुलिस की शुरुआती जांच में अधिवक्ता गयादीन अहिरवार की हत्या के पीछे जमीन के विवाद के साथ पुराने मुकदमे और लेनदेन का मामला भी सामने आया है। पुलिस इन सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

वर्जन

प्राथमिक जांच में अधिवक्ता गयादीन अहिरवार की हत्या की वजह जमीन का विवाद है। मामले में अन्य बिंदुओं पर भी पड़ताल की जा रही है।पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है, ताकि हत्या की मुख्य वजह और वारदात में शामिल अन्य लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सके।- जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा। – सुरेश चंद रावत, एसपी जालौन।



Source link