कोटरा। कस्बे के एक मोहल्ले से मंगलवार शाम घर से लापता हुईं दो किशोरियों को पुलिस ने मोबाइल लोकेशन के आधार पर करीब चार घंटे में खोज लिया। दोनों के सकुशल मिलने पर परिजनों ने राहत की सांस ली।
एक मोहल्ला निवासी युवक ने मंगलवार रात करीब आठ बजे कोटरा थाने में सूचना दी कि उसकी 16 और 17 वर्षीय भांजियां घर से गायब हैं। दोनों घर से जाते समय नानी का मोबाइल भी साथ ले गई थीं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी विमलेश कुमार ने मोबाइल नंबर की लोकेशन ट्रेस कराई और पुलिस टीम को बताए गए स्थान पर भेजा।
पुलिस टीम ने डकोर थाना क्षेत्र से दोनों किशोरियों को खोज लिया। टीम में एसआई विनोद कुमार, नरेंद्र सिंह तथा कांस्टेबल तृप्ति, संध्या, निकिता और नीलम शामिल रहीं। आवश्यक पुलिस कार्रवाई के बाद दोनों को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। (संवाद)
