कालपी। चार पहिया वाहन की मांग पूरी नहीं होने पर विकलांग महिला को उसके ससुराल वालों ने घर से निकाल दिया।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला उदनपुरा निवासी अतीकुर रहमान ने बताया कि उन्होंने अपनी विकलांग पुत्री सेफ्ता की शादी एक जनवरी 2024 को अपने भाई नफीसुल रहमान के पुत्र तौसीब से की थी। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ससुरालीजन दहेज में चार पहिया वाहन की मांग करने लगे।
पीड़िता के अनुसार शादी के करीब छह माह बाद ससुरालीजनों ने मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया, तब से वह मायके में रह रही है। वर्ष 2025 में बिरादरी की पंचायत के माध्यम से भी समझौते का प्रयास किया गया, लेकिन ससुरालीजन उसे वापस रखने के लिए तैयार नहीं हुए। आरोप है कि 23 अगस्त 2026 को पति और ससुरालीजन उसके मायके पहुंचे और तीन बार तलाक-तलाक कहकर धमकी दी। कोतवाली प्रभारी अजय ब्रह्म तिवारी ने बताया कि मामला अभी उनके संज्ञान में नहीं है। शिकायत मिलने पर जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। (संवाद)
