आटा। झांसी-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार दोपहर आटा थाने से करीब 20 मीटर पहले आगे चल रहे कंटेनर में पीछे से झांसी डिपो की रोडवेज बस जा घुसी। हादसे में बस चालक और परिचालक समेत 10 यात्री घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज उरई भेजा।
मंगलवार दोपहर कंटेनर उरई से कानपुर की ओर जा रहा था। उसके पीछे झांसी डिपो की रोडवेज बस भी जा रही थी। आटा थाने के पास अचानक कंटेनर के सामने बकरी आ गई। उसे बचाने के प्रयास में चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिया। पीछे चल रही बस का चालक वाहन को नियंत्रित नहीं कर सका और बस कंटेनर के पिछले हिस्से में जा भिड़ी।
हादसे में कोंच निवासी विजय (36), कानपुर देहात के मूसा नगर निवासी संतोष कुमार (67), झांसी निवासी भानु (28), हरदोई निवासी मोहित (25), शहर के पटेल नगर निवासी नरेंद्र (32), कानपुर देहात के फलमंडी निवासी प्रतिज्ञा (26), कालपी के गणेशगंज निवासी संजय गुप्ता (53) और रामकिशोरी (77) घायल हो गए। सभी को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज उरई भेजा गया।
पुलिस के मुताबिक सड़क हादसे के बाद बस चालक ब्रजकिशोर (43) व परिचालक मोहित (32) घायल हो गए थे। वह एंबुलेंस से न जाकर मौके से भाग गए थे, और सीधे मेडिकल पहुंच गए थे। पुलिस ने कंटेनर चालक को हिरासत में ले लिया है।
हादसे के बाद पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर थाना परिसर में खड़ा करा दिया। बस में सवार अन्य यात्रियों को दूसरी रोडवेज बस से उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया। हादसे के चलते हाईवे पर करीब आधे घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त वाहनों को किनारे कराकर यातायात सुचारु कराया। थाना प्रभारी अभिलाष मिश्रा का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।
बस में मची चीख-पुकार, सहमे बच्चे
कंटेनर में टक्कर लगने के बाद रोडवेज बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। जोरदार टक्कर से बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। कुछ देर तक यात्री सहमे रहे। बस में बैठे छोटे बच्चों में भी डर का माहौल रहा और कई रोने लगे। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।

फोटो -04 छिरिया से दमां तक खस्ताहाल सड़क पर गड्ढों में भरा पानी। संवाद

फोटो -04 छिरिया से दमां तक खस्ताहाल सड़क पर गड्ढों में भरा पानी। संवाद
