मुहम्मदाबाद। डकोर ब्लॉक की ग्राम पंचायत ऐरी में रविवार सुबह मॉडल पंचायत भवन में संदिग्ध हालात में लगी आग का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। भीषण आग में सीसीटीवी फुटेज की डीवीआर सुरक्षित बच गई है। पुलिस का कहना है कि जांच की जा रही है। सोमवार को मामले में अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी गई। नोएडा से लौटे प्रशासक ग्राम प्रधान का कहना है कि उनकी दस साल की मेहनत राख हो गई है।
डकोर ब्लॉक के ऐरी गांव में रविवार की सुबह मॉडल पंचायत भवन में आग लग गई थी। आग की सूचना ग्राम प्रधान ओमकार पाल को दी गई। वह निजी काम से नोएडा गए हुए थे। प्रधान ने पंचायत सचिव रोहित कुशवाहा को जानकारी दी। सचिव के पहुंचने के बाद अधिकारियों को सूचना दी गई। कुछ ही देर में फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। पंचायती राज अधिकारी राम अयोध्या प्रसाद, बीडीओ कौशल कुमार गुप्ता और डकोर थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। इसके बाद ताला तुड़वाकर ग्रामीणों की मदद से भवन के अंदर से सामान बाहर निकाला गया।
आग से पंचायत भवन में रखे आठ इनवर्टर, एलईडी टीवी, छह बैटरियां, सोफा सेट, मेज, 23 कुर्सियां, अलमारी, कंप्यूटर, वाटर कूलर, आरओ, प्रोजेक्टर मशीन समेत अन्य सामान जल गया। इसके अलावा ग्राम पंचायत के महत्वपूर्ण अभिलेख भी आग की चपेट में आ गए। इनमें परिवार रजिस्टर, गोशाला रजिस्टर, आय-जाति-निवास रजिस्टर, लाइब्रेरी रजिस्टर और मनरेगा से संबंधित योजनाओं की पत्रावलियां शामिल हैं। ग्रामीणों के अनुसार आग से करीब 25 से 30 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। पुलिस का कहना है कि जांच की जा रही है।
सोमवार को ग्राम प्रधान और सचिव जले हुए सामान व अभिलेखों की सूची तैयार कर डकोर कोतवाली पहुंचे और तहरीर दी।
ग्रामीणों का यह भी कहना है कि पंचायत भवन की दीवारों पर पीवीसी लगी हुई थी, जिसके कारण आग तेजी से फैल गई। आग इतनी भीषण थी कि भवन की दीवारों में दरारें आ गईं और खिड़की-दरवाजों से आग की लपटें बाहर निकल रही थीं। हालांकि आग शॉर्ट सर्किट से लगी या किसी अन्य कारण से, यह जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।

फोटो – 13 कमरों में लगी पीवीसी को निकाला गया बाहर। संवाद
