जालौन। दहेज में दो लाख रुपये की मांग पूरी न होने पर विवाहिता को घर से निकालने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने पति पर दूसरी शादी करने का भी आरोप लगाते हुए कोतवाली में तहरीर दी है।

कोतवाली क्षेत्र के खनुआं गांव निवासी प्रतिमा ने बताया कि वर्ष 2012 में उसकी शादी शिवराम के साथ हुई थी। शादी के कुछ वर्षों तक सब ठीक रहा, लेकिन बाद में ससुरालीजन दहेज के रूप में दो लाख रुपये की मांग करने लगे। परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक न होने के कारण मांग पूरी नहीं हो सकी।

प्रतिमा का आरोप है कि एक सितंबर को ससुरालियों ने उसके साथ मारपीट की और स्त्रीधन छीनकर घर से निकाल दिया। इसके बाद वह मायके सिहारी पहुंची और परिजनों को घटना की जानकारी दी। भाई ने ससुराल पहुंचकर उसे वापस रखने की गुहार लगाई, लेकिन आरोप है कि बिना दहेज के उसे रखने से इन्कार कर दिया गया।

पीड़िता ने बताया कि हाल में उसे जानकारी मिली कि उसके पति ने दूसरी शादी कर ली है। उसने पुलिस से मामले में कार्रवाई कर न्याय दिलाने की मांग की है। कोतवाल हरिशंकर चंद का कहना है कि मामले में जांच की जा रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी अभी की खबरें