कोंच। रक्षाबंधन का त्योहार मनाने परिवार के साथ गांव लौट रहे लोगों की कार कोंच-नदीगांव मार्ग पर कनासी गांव के पास अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पानी से भरी खंती में जा घुसी। कार में पानी भरने से वह धीरे-धीरे डूबने लगी। बच्चों और अन्य सवारियों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना देकर राहत कार्य शुरू किया। ग्रामीणों की तत्परता से कार में फंसे सभी छह लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

नदीगांव थाना क्षेत्र के लोहई गांव निवासी कल्लू सिंह गुजरात में परिवार के साथ पानीपुरी का कारोबार करते हैं। रक्षाबंधन मनाने के लिए वह परिवार के साथ गुरुवार को कोंच आए थे। शुक्रवार को बाजार से त्योहार का सामान खरीदने के बाद वह अपनी पत्नी पुष्पा, चार वर्षीय बेटे रितिक, छह वर्षीय बेटी सोनाली, मां त्रिवेणी (48) और बहन रूबी के साथ कार से गांव लौट रहे थे।

कोंच-नदीगांव मार्ग पर कनासी के पास अचानक कार अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे बनी खंती में जा घुसी। बारिश के कारण खंती में पहले से काफी पानी भरा था। कार पानी में फंसने के बाद धीरे-धीरे डूबने लगी। कार में सवार बच्चों और परिवार के अन्य लोगों की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंच गए।

ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना देने के साथ ही कार में फंसे लोगों को बाहर निकालने का प्रयास शुरू कर दिया। ग्रामीणों की मदद से कल्लू सिंह, उनकी मां, बहन, पत्नी और दोनों बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। बाद में सभी को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

थानाध्यक्ष राज कुमार ने बताया कि कार पानी से भरी खंती में घुस गई थी। कार में सवार सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। समय रहते ग्रामीणों के पहुंच जाने से बड़ा हादसा बच गया।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *