उरई। लगातार हो रही बारिश से शुक्रवार को मलंगा नाले पर बना अस्थायी पीपे का पुल बह गया। इसके साथ ही करीब 10 मीटर सड़क भी पानी में बह गई है। अब रगौली गांव का सीधा संपर्क मुख्यालय से टूट गया। ऐसे में लोगों का चार किमी का चक्कर काटकर निकलना पड़ा।
रगौली गांव की आबादी करीब पांच हजार है। करीब डेढ़ माह पहले पुराने पुल को तोड़कर करीब दो करोड़ रुपये की लागत से पीडब्ल्यूडी ने नए पुल का निर्माण शुरू कराया था। निर्माण कार्य के दौरान ग्रामीणों की सुविधा के लिए नाले के नीचे अस्थायी मार्ग और पीपो का पुल बनाया गया था। शुक्रवार को बारिश के चलते नाले में पानी का बहाव अचानक तेज हो गया, जिससे अस्थायी पुल बह गया। गनीमत रही कि पुल के बहते समय बारिश होने के चलते वहां कोई मजदूर व ग्रामीण मौजूद नहीं था, नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था।
पुल बहने की सूचना मिलते ही लोक निर्माण विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। विभाग ने सुरक्षा के लिहाज से दोनों ओर बैरिकेडिंग कर मार्ग बंद कर दिया है। साथ ही लोगों को पुल के पास जाने से रोकने के लिए बांस-बल्ली लगाकर चेतावनी बोर्ड भी लगाए गए हैं।
दो हजार लोगों का रोजाना आवागमन प्रभावित
मलंगा नाले के इस मार्ग से रगौली गांव समेत आसपास के करीब दो हजार लोगों का प्रतिदिन आवागमन होता है। शुक्रवार को उरई से गांव लौटे कई ग्रामीण पुल टूटा मिलने से वहीं फंस गए। वहीं गांव से शहर आने वाले लोग भी दूसरी ओर नहीं पहुंच सके।
ग्रामीणों ने बताया कि अब उन्हें रेवा होते हुए करीब चार किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर लगाना पड़ेगा। लेकिन बारिश के कारण यह वैकल्पिक रास्ता भी दलदल में तब्दील हो गया है, जिससे परेशानी और बढ़ गई है। पुल बनने तक उन्हें अब यहीं रास्ता अपनाना पड़ेगा। लेकिन कर भी क्या सकते हैं।
जयपुरिया स्कूल के बच्चों की बढ़ी परेशानी
मलंगा नाले के पास स्थित जयपुरिया स्कूल जाने वाले बच्चों और अभिभावकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ेगा। पुल टूटने से स्कूल तक पहुंचने का रास्ता बाधित हो गया है। करीब पांच हजार आबादी वाले रगौली गांव के ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द वैकल्पिक व्यवस्था कराने और निर्माणाधीन पुल का काम तेजी से पूरा कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि रेवा जाने वाला रास्ता बदहाल होने के चलते अब बच्चों को स्कूल ले जाने में उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
वर्जन
तेज बहाव के चलते आस्थाई सड़क कट गई है। चेतावनी बोर्ड लगवा दिया गया है। जल्द ही इसे सही करवा दिया जाएगा, इससे लोगों को परेशानी न हो। – सुनील कुमार, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग।

फोटो – 32 पानी के तेज बहाव में बहा मलबा। संवाद

फोटो – 32 पानी के तेज बहाव में बहा मलबा। संवाद

फोटो – 32 पानी के तेज बहाव में बहा मलबा। संवाद

फोटो – 32 पानी के तेज बहाव में बहा मलबा। संवाद
