जालौन। रंजिश को लेकर पहलवानबाड़ा मोहल्ले में सभासद समेत दो पक्षों के बीच मारपीट हो गई। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गालीगलौज कर लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर छह लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मोहल्ला निवासी राधा देवी ने पुलिस को बताया कि वह घर के दरवाजे पर बैठी थीं। इसी दौरान मलखान यादव, शिवम और सुलखान यादव वहां पहुंचे और गालीगलौज करने लगे। विरोध करने पर इन लोगों ने लाठी-डंडों से मारपीट की, जिसमें उन्हें और उनके परिजनों को चोटें आईं।
दूसरे पक्ष के सुलखान यादव ने बताया कि बुधवार रात करीब 10 बजे वह घर के बाहर बैठे थे। इसी दौरान सभासद नरसिंह यादव, विशाल यादव और महेश यादव वहां पहुंचे और गालीगलौज करते हुए लाठी-डंडों व लोहे की रॉड से हमला कर दिया। मारपीट में उन्हें और उनके साथी को चोटें आईं।
दोनों पक्षों ने मारपीट के बाद जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया। पुलिस ने घायलों का चिकित्सकीय परीक्षण कराया और दोनों पक्षों की तहरीर पर छह लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली। मामले की जांच की जा रही है।
