जालौन। दहेज में बाइक की मांग पूरी न होने पर विवाहिता को प्रताड़ित करने, पीटने और बीमार होने पर इलाज न कराने के आरोप में पुलिस ने पांच ससुरालियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। विवाहिता की महाराष्ट्र के अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई थी।

महाराष्ट्र के ठाणे जिले के अंबरनगर निवासी संतोष चौधरी मूलरूप से कुठौंद थाना क्षेत्र के बिरियापुर गांव के रहने वाले हैं। वह महाराष्ट्र में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करते हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि नवंबर 2025 में उन्होंने बेटी हिना की शादी कोतवाली क्षेत्र के धंतौली गांव निवासी सोनू के साथ की थी। शादी के कुछ समय बाद ही ससुराल पक्ष के लोग दहेज में बाइक की मांग करने लगे।

संतोष का आरोप है कि मांग पूरी न होने पर ससुरालियों ने हिना को प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। बेटी ने फोन पर इसकी जानकारी उन्हें दी तो वह उसे अपने साथ महाराष्ट्र ले गए। अप्रैल 2026 में पुलिस और रिश्तेदारों की मौजूदगी में ससुराल पक्ष के लोग हिना को सही तरीके से रखने का आश्वासन देकर अपने साथ गांव ले आए।

आरोप है कि गांव पहुंचने के बाद ससुरालियों ने हिना के साथ फिर मारपीट शुरू कर दी। पिता ने तहरीर में बेटी को अंगारों से दागने का भी आरोप लगाया है। हालत बिगड़ने के बाद भी उसका सही तरीके से इलाज नहीं कराया गया। संतोष के मुताबिक, 14 जून को ससुराल वाले हिना को महाराष्ट्र ले गए और उल्हासनगर स्थित अस्पताल में भर्ती कराया।

पिता का आरोप है कि अस्पताल में महाराष्ट्र पुलिस और डॉक्टरों के सामने पति ने घटना को छिपाने के लिए हिना के बाथरूम में गिरने की बात बताई। इलाज के दौरान हिना की मौत हो गई। इसके बाद पिता ने मामले की जानकारी पुलिस को दी और ससुरालियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

पुलिस ने तहरीर के आधार पर पति सोनू संतोष भास्कर, देवर धर्मेंद्र भास्कर, देवरानी राखी, सास ज्ञानवती और ससुर संतोष के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। प्रभारी कोतवाल लालबाबू मिश्रा ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी अभी की खबरें