चकरनगर। सहसों थाना क्षेत्र के भोया गांव में चोरों ने दो घरों से 12 हजार की नकदी समेत लाखों रुपये का जेवर पार कर दिए। सुबह कमरे का ताला टूटा देखकर परिजनों को घटना की जानकारी हुई, खोजबीन के बाद गांव से 100 मीटर दूर एक खेत में खाली बक्से पड़े मिले। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी।
भोया गांव निवासी रामवीर ने पुलिस को प्रार्थना पत्र दिया। इसमें बताया कि उनका एवं उनकी पड़ोसी फूलन देवी के परिवार के सदस्य मंगलवार रात समय घर के बाहर सो रहे थे। इसी दौरान रात करीब 12 से चार बजे के बीच चोर पीछे से घर में घुस गए, फिर चोरों ने एक घर के दरवाजे का ताला काट दिया और दूसरे घर के कमरे की कड़ी काट कर कमरे में घुस गए।
कमरे में रखी अलमारी का ताला तोड़कर सामान निकाल लिया और बक्सों को गांव से सौ मीटर दूर जाकर गांव के लायक सिंह के खेत में रखकर ताला तोड़कर उसका सामान निकाल ले गए। पीड़ित परिवार के लोगों ने 12 हजार रुपये की नकदी समेत सोने-चांदी के लाखों रुपये के जेवर पार कर दिए। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज मामले की जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी सहसों वीरेंद्र विक्रम सिंह ने बताया भोया गांव में दो घरों से कुछ सामान चोरी हुआ है। जल्द ही चोरों को पकड़कर माल बरामद किया जाएगा।