तीन गांवों में शनिवार तड़के अचानक पुलिस की चारों तरफ से घेराबंदी, गलियों में दौड़ते वाहन और ऊपर मंडराते ड्रोन… साइबर अपराध के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई के बाद सुबह काडोर, मौरयाना और खैरयाना गांवों की तस्वीर बदली नजर आई। रात में बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों के पहुंचने और घरों से युवाओं व कुछ महिलाओं को पूछताछ के लिए ले जाने के बाद तीनों गांवों में सन्नाटा पसरा रहा। ग्रामीणों के चेहरों पर दहशत दिखी और कई घरों में दिनभर चूल्हे तक नहीं जले।
नगर पंचायत कटेरा से करीब छह किलोमीटर दूर स्थित कंडोर गांव में शनिवार सुबह का नजारा रोजाना से बिल्कुल अलग था। जिन गलियों में सुबह से ही चहल-पहल शुरू हो जाती थी, वहां सन्नाटा पसरा था। इक्का-दुक्का बुजुर्ग और बच्चे ही नजर आ रहे थे। लोगों के चेहरों पर डर साफ दिखाई दे रहा था और ज्यादातर ग्रामीण किसी भी सवाल का जवाब देने से बचते रहे। गांव के कच्चे रास्तों पर पुलिस के वाहनों की आवाजाही के निशान भी दिखाई दे रहे थे। कई जगह रास्ते धंसे हुए थे।
साइबर अपराध में संलिप्तता के इनपुट के बाद कटेरा थाना क्षेत्र के कंडोर, मौरयाना और खैरयाना गांव में रात करीब तीन बजे पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की। कई थानों की पुलिस के साथ पीएसी और फायर ब्रिगेड की टीमें तीनों गांवों में लगभग एक साथ पहुंचीं। पुलिस वाहनों की आवाज सुनकर अधिकांश ग्रामीणों की नींद खुल गई। इससे पहले कि लोग कुछ समझ पाते, पुलिस ने गांवों की घेराबंदी कर ली थी।