गुरसराय थाने में पॉक्सो और छेड़खानी के मामले में गिरफ्तार 62 वर्षीय आरोपी ने सोमवार को अपने गमछे से फांसी लगाने का प्रयास किया। घटना के होते ही पुलिसकर्मियों में खलबली मच गई। आनन-फानन में आरोपी को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने उसे झांसी मेडिकल कॉलेज रिफर कर दिया।
आरोपी की पहचान सिंघार गांव निवासी राजेंद्र प्रसाद (62) के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, राजेंद्र प्रसाद को छेड़खानी और पॉक्सो एक्ट के मामले में गिरफ्तार किया गया था। सोमवार की सुबह थाने में ही उसने गमछे से फंदा लगाकर जान देने का प्रयास किया। पुलिसकर्मियों ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया। बताया जा रहा कि बुजुर्ग गांव के ही राधा-कृष्ण मंदिर में पुजारी हैं।
एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने बताया कि गुरसराय थाने से गमछे से जान देने के प्रयास की सूचना मिली थी। आरोपी को सीएचसी से मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। उसके परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। मामले की जांच एसपी देहात को सौंपी गई है। उन्होंने कहा कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
मामले की जानकारी देते एसएसपी…
