बुंदेलखंड विवि ने जुलाई के अंतिम सप्ताह में प्रस्तावित दीक्षांत समारोह को लेकर तैयारी शुरू कर दी हैं। इसमें कार्यक्रम न सिर्फ विवि परिसर बल्कि गोद लिए गांवों में होंगे। वहीं, बृहस्पतिवार को राजभवन दीक्षांत से दीक्षांत समारोह को लेकर ऑनलाइन बैठक होगी।
राजभवन ने दीक्षांत समारोह को लेकर रूपरेखा भेज दी है, इसके तहत कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इसमें परिसर में खेलकूद, काव्य, निबंध, चित्रकला, देशभक्ति गीत, लोक नृत्य, भाषण आदि की प्रतियोगिता होगी। खास यह कि मां-बेटी सम्मेलन का आयोजन होगा। बेटियां माताओं के योगदान का महत्व बताएंगी। वहीं विवि की ओर से गोद लिए गांवों में परंपरागत खेलों का आयोजन होगा। पर्यावरण व जल संरक्षण आदि पर गीत कार्यक्रम होंगे। मेरी मां, भाषण, निबंध आदि प्रतियोगिता होंगी।
बताते चलें, दीक्षांत समारोह में एक कुलाधिपति स्वर्ण पदक, 16 कुलाधिपति रजत पदक और 17 कुलाधिपति कांस्य पदक प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को दिए जाएंगे। इसके अलावा करीब 46 पदक भी दिए जाएंगे।
कुलपति प्रो. मुकेश पांडेय ने बताया कि जुलाई के अंतिम सप्ताह में होने वाले दीक्षांत समारोह की तैयारियां शुरू कर दी हैं। बृहस्पतिवार को राजभवन के साथ ऑनलाइन मीटिंग होगी। जिसमें मिले दिशा-निर्देशों के अनुसार कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार होगी।
