भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते बिजली लोड के कारण शहर के पावर ट्रांसफार्मर भी हांफने लगे हैं। वितरण ट्रांसफार्मरों के रोजाना खराब होने से कई इलाकों में घंटों बिजली कटौती हो रही है। ऐसे में बिजली निगम ने ओवरहीटिंग से बचाने के लिए 40 ट्रांसफार्मरों पर कूलर लगा दिए हैं।

16 बिजली घर है शहर में

शहर में करीब 16 बिजली घर संचालित हैं। इनमें 5 एमवीए और 10 एमवीए क्षमता के लगभग 44 पावर ट्रांसफार्मर लगे हुए हैं। बढ़ते तापमान और बिजली खपत में इजाफे के चलते इन ट्रांसफार्मरों पर दबाव बढ़ गया है। जिले में अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंचने के कारण बिजली की मांग लगातार बढ़ रही है।

ट्रांसफार्मरों की नियमित मॉनिटरिंग शुरू

बिजली विभाग के अधिकारियों के अनुसार ट्रांसफार्मरों में लगे कूलिंग सिस्टम से ऑयल और वाइंडिंग का तापमान नियंत्रित रखा जा रहा है। इससे ट्रांसफार्मर की कार्यक्षमता बनी रहती है और ब्रेकडाउन की आशंका कम होती है। विभाग का कहना है कि यदि पावर ट्रांसफार्मर में खराबी आती है तो एक साथ कई मोहल्लों की बिजली आपूर्ति प्रभावित हो सकती है।

वर्तमान में वितरण ट्रांसफार्मरों के फेल होने से शहर के कई इलाकों में रोजाना चार से आठ घंटे तक बिजली गुल रहने की शिकायतें मिल रही हैं। इससे घरेलू उपभोक्ताओं के साथ व्यापारिक प्रतिष्ठानों और छोटे उद्योगों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है। बिजली निगम ने कूलर युक्त ट्रांसफार्मरों की नियमित मॉनिटरिंग भी शुरू कर दी है ताकि समय रहते किसी तकनीकी खराबी को दूर किया जा सके।

इनका यह है कहना

गर्मी बढ़ने के साथ ट्रांसफार्मरों को सुरक्षित रखने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। शहर के 16 बिजली घरों पर स्थापित पावर ट्रांसफार्मरों का तापमान सामान्य बनाए रखने के लिए कूलर लगाए गए हैं। – पुष्कर सिंह, अधीक्षण अभियंता (शहर)



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *