थाना उल्दन के ग्राम राजगिर निवासी 55 वर्षीय किसान भारत सिंह कुशवाहा की बिजली गिरने से मौत हो गई। वह बकरी चराते समय हादसे का शिकार हुआ। आसपास मौजूद कई लोगों ने भागकर अपनी जान बचाई।
बृहस्पतिवार को भारत रोज की तरह अपनी बकरियां चराने खेतों में गए थे। शाम को लगभग साढ़े चार बजे अचानक मौसम खराब हो गया। तेज बारिश व बादलों की गरज-चमक के बीच आकाशीय बिजली गिर गई, जिसकी चपेट में आने से भारत की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के समय आसपास खेतों में गांव के कुछ अन्य लोग भी मौजूद थे। बिजली गिरते ही उन्होंने भागकर अपनी जान बचाई। परिजनों ने बताया कि भारत किसान थे। उनके पास लगभग तीन बीघा कृषि भूमि थी, जिससे वह खेती कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उन्होंने बताया कि वह बकरी पालन भी करते थे। परिवार की आजीविका का मुख्य आधार वही थे। उनकी असमय मृत्यु से परिवार गहरे सदमे में हैं और आर्थिक संकट भी खड़ा हो गया है।
ग्रामीणों और परिजनों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि प्राकृतिक आपदा में हुई इस मृत्यु को देखते हुए पीड़ित परिवार को शीघ्र आर्थिक सहायता और सरकारी मुआवजा उपलब्ध कराया जाए, ताकि परिवार को इस कठिन समय में कुछ राहत मिल सके। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक उल्दन जयप्रकाश ने बताया की किसान भारत की आकाशीय बिजली गिरने से मौके पर ही मौत हो गई। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
