हजरत निजामुद्दीन-एर्नाकुलम मंगला लक्षद्वीप एक्सप्रेस में ड्यूटी पर तैनात एक महिला टिकट परीक्षक (टीटीई) के साथ बुधवार सुबह कथित तौर पर हाथापाई का मामला सामने आया। महिला टीटीई का आरोप है कि बिना टिकट यात्रा कर रही युवती ने टिकट मांगने पर अभद्रता की, सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाई, ईएफटी बुक छीन ली और उनका टैब भी तोड़ दिया। झांसी पहुंचने पर जीआरपी ने आरोपी प्रियंका सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे ग्वालियर जीआरपी के सुपुर्द कर दिया।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, मंडल रेलवे की महिला टीटीई अंजलि प्रजापति हजरत निजामुद्दीन से झांसी तक ड्यूटी पर थीं। उनका आरोप है कि ग्वालियर स्टेशन से ट्रेन चलने के बाद वह स्लीपर कोच एस-2 में टिकट जांच कर रही थीं। इसी दौरान दिल्ली से झांसी जा रही युवती से टिकट मांगा गया। आरोप है कि युवती के पास वैध टिकट नहीं था। जब एक्सेस फेयर टिकट (ईएफटी) बनाने की प्रक्रिया शुरू की गई तो वह भड़क गई और गाली-गलौज करते हुए हाथापाई करने लगी।

महिला टीटीई का आरोप है कि युवती ने लात-घूंसों से हमला किया, उनका टैब जमीन पर पटककर क्षतिग्रस्त कर दिया और ईएफटी बुक छीन ली, जिससे सरकारी कार्य बाधित हुआ। घटना के दौरान कोच में अफरातफरी मच गई। यात्रियों ने बीच-बचाव कर दोनों को अलग किया। महिला टीटीई ने घटना की सूचना झांसी कंट्रोल रूम को दी। ट्रेन के झांसी स्टेशन पहुंचते ही जीआरपी, आरपीएफ और टिकट चेकिंग स्टाफ प्लेटफॉर्म पर पहुंच गया। आरोपी युवती को उतारकर जीआरपी थाने ले जाया गया। महिला टीटीई का चिकित्सीय परीक्षण कराने के बाद उनकी तहरीर पर आरोपी प्रियंका सिंह निवासी किशनगढ़ बिजावर, जिला छतरपुर (मध्य प्रदेश) के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।

घटनास्थल ग्वालियर, जांच वहीं करेगी जीआरपी

जीआरपी प्रभारी विवेक कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि घटना ग्वालियर स्टेशन से ट्रेन रवाना होने के बाद हुई थी। इसलिए झांसी जीआरपी ने शून्य एफआईआर दर्ज कर आरोपी युवती और संबंधित अभिलेख ग्वालियर जीआरपी को भेज दिए हैं। मामले की आगे की जांच ग्वालियर जीआरपी करेगी।

रेलकर्मियों में नाराजगी, बड़ी संख्या में पहुंचे स्टेशन

महिला टीटीई के साथ अभद्रता की सूचना मिलते ही टिकट चेकिंग स्टाफ में नाराजगी फैल गई। आगरा में हाल ही में डिप्टी स्टेशन अधीक्षक के साथ हुई अभद्रता की घटना के बाद यह दूसरा मामला होने से रेलकर्मियों में आक्रोश देखने को मिला। सीसीआई स्टेशन अशोक कुमार त्रिपाठी सहित बड़ी संख्या में टिकट चेकिंग कर्मचारी झांसी स्टेशन पहुंच गए। स्थिति को देखते हुए जीआरपी और आरपीएफ ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी। एफआईआर दर्ज होने के बाद रेलकर्मी महिला टीटीई के साथ थाने से लौटे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *