चिरगांव थाना क्षेत्र में एक युवक से रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर यूट्यूबर समेत दो आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
मोहल्ला हवेलीपुरा निवासी अभिषेक पराशर ने बताया कि एक माह पहले यूट्यूबर सत्यव्रत यादव निवासी पहलापुरा चिरगांव व बृजपाल सिंह यादव निवासी सिया ने उसे धमकाते हुए कहा था कि यदि चिरगांव में रहना है तो 10 हजार रुपये देने होंगे, अन्यथा उसे व उसके परिवार को मार दिया जाएगा। आरोप है कि भय के कारण उसने अपने मित्र इंद्रजीत के साथ जाकर 10 हजार रुपये आरोपियों को दिए।
पीड़ित का आरोप है कि 14 जुलाई को रात लगभग 10.30 बजे रामनगर तिराहे पर दोनों आरोपियों ने फिर उसे रोककर 20 हजार रुपये की मांग की और रुपये न देने पर जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित की शिकायत पर चिरगांव थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। गौरतलब है कि सत्यव्रत एक यूटयूबर है, उसने पूर्व में भी जनसुनवाई पोर्टल पर अयोध्या से हनुमानजी को अगवा करने के संबंध में शिकायत की थी।
