ककरबई थाना क्षेत्र के बरमाइन गांव में शुक्रवार को घर की सफाई के दौरान रस्सी समझकर सांप उठाने की कोशिश करना विवाहिता को भारी पड़ गया। जहरीले सांप के डसने से उसकी हालत बिगड़ गई। परिजन उसे पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और फिर मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
बरमाइन गांव निवासी सुनीता यादव (28) सुबह घर की साफ-सफाई कर रही थीं। उनके पति मान सिंह ने बताया कि सुबह से तेज बारिश हो रही थी और वह काम पर गए हुए थे। घर में सुनीता के साथ उनकी दोनों बेटियां थीं। झाड़ू लगाते समय आंगन के एक कोने में उन्हें कोई चीज रस्सी जैसी दिखाई दी। उन्होंने उसे हाथ से पकड़कर बाहर खींचने का प्रयास किया, तभी वह सांप निकला और उसने उनके हाथ में डस लिया। इसके बाद सांप मौके से भाग गया।
सांप के डसते ही सुनीता चीखते हुए जमीन पर गिर पड़ीं। शोर सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें तत्काल गुरसराय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। वहां से हालत गंभीर होने पर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। मान सिंह निजी क्षेत्र में काम करते हैं। परिवार में उनकी दो छोटी बेटियां हैं। मां की मौत के बाद दोनों का रो-रोकर बुरा हाल है।नवाबाद थाना प्रभारी रवि श्रीवास्तव ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।