लंपी वायरस के बढ़ते प्रकोप के कारण पशु चिकित्सा विभाग सक्रिय हो गया है। मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी ने वायरस से बचाव के लिए 50 हजार एलएसडी वैक्सीन (टीके) की मांग की है। जिले में अब तक 21 हजार से अधिक गोवंश को यह वैक्सीन लगाई जा चुकी है।

विभाग का ध्यान मध्य प्रदेश से सटे इलाकों पर अधिक है। इनमें अंबाबाए, करारी, बंगरा, बबीना और मऊरानीपुर जैसे क्षेत्र शामिल हैं। इसका उद्देश्य इन क्षेत्रों से रोग के फैलाव को रोकना है। जनपद में लंपी वायरस के कुल सात मामले सामने आए हैं। इनमें से छह मामले बंगरा ब्लॉक में पाए गए हैं। जावन में एक पशु की इस रोग से मौत हो चुकी है। बंगरा में रविवार को लंपी के लक्षण वाले एक पशु की मौत हो गई। वहीं, एक मामला रक्सा क्षेत्र में भी दर्ज किया गया है। पशु चिकित्सा विभाग के पास वर्तमान में 25 हजार से अधिक एलएसडी वैक्सीन उपलब्ध हैं। मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजय कुमार सिंह ने रविवार को चिरगांव के गो आश्रय स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने स्थिति का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बचाव के उपाय और टीकाकरण

निरीक्षण के दौरान पशुओं के स्वास्थ्य की जांच कराने को कहा गया। गोशालाओं में साफ-सफाई पर विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए। मच्छरों और अन्य कीट पतंगों को भगाने के लिए धुआं करने वाली मशीनों का उपयोग किया गया। यह कदम संक्रमण के प्रसार को रोकने के लिए उठाया गया है। रोग से पीड़ित गोवंश के नमूने मथुरा-आगरा की प्रयोगशालाओं में भेजे गए हैं। इन नमूनों की रिपोर्ट आने में लगभग तीन हफ्ते लग सकते हैं।

ग्राम सेवारा में लंपी से गोवंश की मौत

विकासखंड बंगरा अंतर्गत आने वाले ग्राम सेवारा में लंपी रोग के लक्षण वाले एक गोवंश की मौत हो गई। पशुपालक विशाल सिंह यादव ने बताया कि गोवंश विगत 15 दिनों से बीमार चल रहा था। इस दौरान कुछ समय तक उसका इलाज भी चला, लेकिन उसके स्वास्थ्य में कोई सुधार नहीं हो सका। इसके अलावा सेवारा गांव के ही पशुपालक जगतराज सिंह के मुताबिक उनके एक पशु में लंपी रोग के लक्षण हैं, लेकिन उसको अब तक वैक्सीन नहीं लगी है। रविवार होने की वजह से उसका इलाज भी नहीं हो पाया। इस पर पशुपालक ने नाराजगी जाहिर की।

पशुओं को दो हजार डोज लगाईं

बंगरा की पशु चिकित्सक डॉ. सोनम दीक्षित ने बताया कि लंपी से पशु की मौत की जानकारी मिली है। जल्द आवश्यक कार्यवाही की जाएगी। साथ ही उन्होंने बताया कि वैक्सीन की दो हजार डोज मिली थीं, जो पशुओं को लगाई जा चुकी हैं। जल्द और डोज मिलने वाली है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी अभी की खबरें