गरौठा के निमगहना गांव निवासी हेमलता (40) ने रविवार सुबह पति से विवाद के बाद जहर निगल लिया। परिजन अचेत हाल में उसे मेडिकल अस्पताल लेकर आए। कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई। हेमलता की मौत के बाद पति इसे ऊपरी चक्कर बताने लगा। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
सुबह दंपती में हुआ था विवाद
निमगहना गांव निवासी शिवकुमार लोधी खेती-किसानी करते हैं। पत्नी के साथ वह गांव में रहते थे जबकि उनके दोनों बेटे प्रयागराज में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं। परिजनों ने पुलिस को बताया कि रविवार सुबह किसी बात पर दंपती के बीच आपस में विवाद हो गया। उसके बाद शिव कुमार बाड़े में चला गया। हेमलता घर लौट आई। यहां उसने गुस्से में आकर हेमलता ने जहर निगल लिया। कुछ देर बाद शिव कुमार पहुंचा, तब वह जमीन पर अचेत पड़ी थी। परिवार के लोग उसे लेकर पहले गुरसराय सीएचसी पहुंचे। यहां हालत नाजुक होने पर उसे मेडिकल अस्पताल भेज दिया गया। मेडिकल अस्पताल में डॉक्टरों ने जहर निगलने की पुष्टि की। कुछ देर बाद ही उसकी मौत हो गई।
दो दिन से कर रही थी अजीब हरकत
पुलिस के पहुंचने पर शिव कुमार ने हेमलता पर ऊपरी चक्कर होने की बात बताई। उसका कहना है कि हेमलता अजीब हरकतें करती थी। कई तांत्रिक एवं धार्मिक स्थल भी वह लेकर गए। दो दिन से पत्नी गुमशुम रह रही थी। नवाबाद थाना प्रभारी रवि श्रीवास्तव का कहना है कि जहर निगलने से मौत की पुष्टि हुई है। पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
