वार्ड 43 आर्यकन्या कॉलेज के पास बन रहे नाले का काम समय सीमा पूरी होने के छह महीने बाद भी पूरा नहीं हो सका है। इस पर नगर निगम ने फर्म को नोटिस जारी किया है। 15 दिन में नाला का काम पूरा न होने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
सात जुलाई को जोनल अधिकारी सीपी पांडेय के नेतृत्व में टीम ने बुधवार को नाले का निरीक्षण किया था। उन्होंने अपनी रिपोर्ट में जगह-जगह निर्माण सामग्री फैली होने, कारगिल पार्क के पास नाले में कई जगह हनी कॉंबिंग मिलने, कुछ जगह नाले को ढकने के लिए कवर न होने, पाइप डालने के बाद सड़क की मरम्मत न करने का उल्लेख किया गया। बताया कि 67.84 लाख रुपये से चार सौ मीटर से अधिक नाला निर्माण करवाया जा रहा है। 25 जुलाई 2025 को कार्यादेश जारी किया गया था। यह कार्य 24 दिसंबर 2025 को पूरा होना था। फर्म की ओर से अवधि बढ़ाने के लिए पत्र दिया गया लेकिन समय का उल्लेख नहीं किया।
इस मामले में नगर आयुक्त आकांक्षा राणा का कहना है कि फर्म को नोटिस देकर 15 दिन में नाला का निर्माण पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। समय सीमा में काम नहीं हुआ तो फर्म की जमानत राशि जब्त करते हुए नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
