झांसी। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के तहत कार्यरत एक हजार से ज्यादा कर्मचारियों को जुलाई माह का मानदेय नहीं मिल सका है। जबकि, शासनादेश है कि महीने की एक से तीन तारीख तक कर्मचारियों को मानदेय का भुगतान कर देना चाहिए। मानदेय न मिलने से स्टाफ परेशान है।
एनएचएम के तहत जनपद में 1025 डॉक्टरों और कर्मचारियों की तैनाती है। इसमें सीएचसी, पीएचसी से लेकर स्वास्थ्य केंद्रों तक में संविदा पर बीएएमएस डॉक्टर भी सेवाएं दे रहे हैं। इसके अलावा स्टाफ नर्स, एएनएम, वार्डबॉय, क्षय रोग विभाग का स्टाफ और राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत चिकित्सक व कर्मचारी भी शामिल हैं। बताया गया कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत सभी संविदा और आउटसोर्स डॉक्टरों, कर्मचारियों को मानदेय का भुगतान प्रत्येक माह की उपस्थिति सारिणी 26 से 25 तारीख के आधार पर हर हाल में अग्रिम माह की एक से तीन तारीख तक कर देना चाहिए लेकिन 18 अगस्त बीत जाने के बावजूद अब तक मानदेय जारी नहीं हो सका है।
सीएमओ डॉ. शिशिर पुरी का कहना है कि एनएचएम के तहत अब शासन से बजट प्राप्त हो गया है। मानदेय बिल भी भुगतान के लिए कोषागार भेज दिया गया है। दो से तीन दिन में सभी एनएचएम स्टाफ के खाते में मानदेय पहुंच जाएगा।
रक्षाबंधन पर्व से पहले मिलेगा अगस्त का मानदेय
एनएचएम स्टाफ को अगस्त का मानदेय रक्षाबंधन पर्व के पहले मिल जाएगा। इस संबंध में मिशन निदेशक डॉ. पिंकी जोवल ने जिला स्वास्थ्य समिति अध्यक्ष और सीएमओ को आदेश जारी कर दिया है। उन्होंने कहा है कि रक्षाबंधन का पर्व 28 अगस्त को है। एनएचएम के समस्त कर्मचारियों के अगस्त के मानदेय का भुगतान 20 तारीख तक की उपस्थिति के आधार पर हर दशा में 22 तारीख तक एसएनए स्पर्श पोर्टल पर अपलोड किया जाए, जिससे सभी कर्मियों के मानदेय का भुगतान पर्व से पहले 27 अगस्त क किया जा सके।
