झांसी। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर बहनों की सुविधा के लिए डाक विभाग ने विशेष इंतजाम किए हैं। बारिश से बचाव वाले विशेष लिफाफे, राखी मेल पर छूट और समय पर राखी सुरक्षित पहुंचाने जैसी तमाम सुविधाएं होने के बावजूद बहनों का रुझान डाक विभाग की तरफ कम ही दिख रहा है। बहनें पारंपरिक तरीकों के बजाय ऑनलाइन शॉपिंग और ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म को ज्यादा तरजीह दे रही हैं।
डाक विभाग ने देश-विदेश तक राखी सुरक्षित पहुंचाने के लिए 10 रुपये कीमत के विशेष ”राखी लिफाफे” तैयार कराए हैं, जो बारिश व अन्य मौसम संबंधी जोखिमों से सुरक्षा प्रदान करते हैं। विभाग ने 27 अगस्त तक 16,500 राखी बुक करने का लक्ष्य रखा है, जिसके तहत 12 उप डाकघरों में इन लिफाफों की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। हालांकि, अब तक महज 5,500 राखियां ही बुक हो पाई हैं और रोजाना बमुश्किल 10 से 12 लोग ही इन लिफाफों को खरीदने या भेजने आ रहे हैं।
राखी मेल की सुविधा पर डाक शुल्क में 10 प्रतिशत की छूट समेत कई अन्य सुविधाएं दी जा रही हैं। इसके बावजूद लोग ऑनलाइन विकल्पों की ओर अधिक आकर्षित हो रहे हैं।
वरुण पांडेय, प्रवर डाक अधीक्षक
आवास विकास निवासी नेहा शर्मा का कहना है कि डाक विभाग की योजना अच्छी है, लेकिन डाकघर जाकर लिफाफा खरीदना और फिर बुकिंग कराना लंबी प्रक्रिया लगती है। इससे बेहतर है कि ऑनलाइन ही मनपसंद राखी और मिठाई सीधे भाई के पास बुक कर दी जाए। गोंदू कंपाउंड निवासी मृदुल उपाध्याय और बंसल कॉलोनी निवासी स्तुति का भी यही मानना है कि डाक विभाग केवल राखी पर छूट देता है, जबकि ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर एक साथ राखी और मिठाई दोनों भेजने की सुविधा मिल जाती है, जिससे समय की बचत होती है।
राखी मेल से भेजने के लाभ
राखी मेल के डाक शुल्क पर 10 प्रतिशत की छूट।
एक ग्राहक द्वारा एक साथ पांच स्पीड पोस्ट राखी मेल लिफाफे भेजने की सुविधा।
बुकिंग के समय लिफाफे की सुरक्षा और गुणवत्ता की पूरी जांच।
