लुहारी। सकरार थाना क्षेत्र के खिसनीखुर्द गांव में रविवार शाम एक 30 वर्षीय युवक की डुमरई नदी में डूबने से मौत हो गई। युवक मछली पकड़ने गया था, तभी पैर फिसलने से वह नदी के तेज बहाव में जा गिरा।
खिसनी खुर्द निवासी रमेश कुशवाहा पुत्र सूखे कुशवाहा रविवार शाम डुमरई नदी में मछली पकड़ने गया था। नदी में पानी का बहाव तेज था और जगह-जगह पथरीला भूभाग भी था। इस कारण वह संभल नहीं सका और गहरे पानी में डूब गया। हादसे की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। स्थानीय गोताखोरों की मदद से तलाश शुरू की गई। ग्रामीणों ने घटना की जानकारी सकरार थाना प्रभारी निरीक्षक पप्पू सिंह को दी। पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची। उन्होंने देर रात तक नदी में युवक की तलाश कराई, लेकिन अंधेरा अधिक होने के कारण अभियान रोकना पड़ा।
सोमवार सुबह पुलिस और ग्रामीणों ने दोबारा तलाश शुरू की। इसी दौरान रमेश का शव नदी किनारे उतराता मिला। शव मिलने की सूचना पर परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक रमेश के परिवार में पत्नी और बच्चे हैं, जिनकी आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर है।
