दतिया। आजाद अध्यापक शिक्षक संघ और अध्यापक शिक्षक संयुक्त मोर्चा ने रविवार को एक दिवसीय भूख हड़ताल की। यह प्रदर्शन सीतासागर तालाब के पास गंगोटिया हनुमान मंदिर के सामने हुआ। जिलाध्यक्ष साबर सिंह दांगी के नेतृत्व में मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया। शिक्षकों ने 23 अगस्त 2010 से पहले नियुक्त शिक्षकों को शिक्षक पात्रता परीक्षा से मुक्त करने की मांग की। इसके लिए विधानसभा में प्रस्ताव पारित कर आरटीई एक्ट-2009 में संशोधन हेतु केंद्र को भेजने की बात कही। उन्होंने प्रथम नियुक्ति वर्ष से सेवा अवधि की गणना कर पेंशन, ग्रेच्युटी और अवकाश नकदीकरण का लाभ मांगा। ई-उपस्थिति व्यवस्था बंद करने और पिछली हड़ताल के लंबित वेतन भुगतान की भी मांग रखी गई। संघ ने चेतावनी दी है कि मांगें न मानी जाने पर आंदोलन को और तीव्र किया जाएगा। संवाद
