झांसी। बीड़ा से 60 लाख रुपये का मुआवजा मिलने के बाद पति करीब 18 साल पुराने वैवाहिक संबंध खत्म करके नई शादी करने पर अड़ गया है। पति के इस रवैये से परेशान पत्नी ने रक्सा थाने में पहुंचकर गुहार लगाई है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
यह पूरा मामला रक्सा थाने के डोमागोर गांव का है। यहां रहने वाली विवाहिता ने पुलिस को बताया कि 18 साल पहले उसकी यहां शादी हुई थी। परिवार में 17 साल की बेटी है। पति खेती-किसानी करते हैं। परिवार की साढ़े तीन एकड़ जमीन बुंदेलखंड औद्योगिक विकास प्राधिकरण (बीड़ा) में चली गई। कुछ माह पहले पति के खाते में मुआवजे के 60 लाख रुपये आ गए। पत्नी का आरोप है इसके बाद से पति का रवैया बदल गया। वह पत्नी और बेटी के साथ नहीं रहना चाहता। वह दूसरी शादी करना चाहता है। इसके लिए परिवार के कुछ सदस्यों से भी बात की। लड़की देखने का काम भी परिवार के लोगों ने शुरू कर दिया। विवाहिता का कहना है भनक लगने पर जब उसने विरोध किया, तब पति उसे धमकाते हुए मारने-पीटने लगा। परेशान होकर पत्नी ससुराल छोड़कर गुमानपुरा स्थित मायके आकर रहने लगी। विवाहिता ने रक्सा थाने पहुंचकर पति के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए तहरीर सौंपी। थाना प्रभारी उदय प्रताप सिंह ने बताया कि विवाहिता की ओर से शिकायती पत्र दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
