मऊरानीपुर। कोतवाली क्षेत्र के पाठकपुरा मोहल्ले में शराब के नशे में पिता से झगड़ा कर रहे युवक ने बीच-बचाव करने आए अपने ही सगे भाई पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया था। इसी मामले में फरार चल रहे युवक को पुलिस ने बुधवार को चाकू के साथ गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार एक सितंबर की रात 11 बजे मोहल्ला पाठकपुरा निवासी आंशू पांचाल शराब पीकर अपने पिता से गाली-गलौज और धक्का-मुक्की कर रहा था। उसके भाई आकाश पांचाल ने बीच-बचाव का प्रयास किया, तो आंशू ने जान से मारने की नीयत से चाकू से आकाश के पेट में वार कर दिया। जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से भाग गया। मेडिकल कॉलेज झांसी में उसका उपचार चल रहा है। इधर पुलिस ने आंशू पांचाल को आवास विकास कॉलोनी के पास से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया चाकू बरामद हुआ। न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।
