झांसी। लखनऊ रेलवे स्टेशन पर कॉनकोर्स निर्माण के कारण 27 दिन का ब्लॉक शुरू हो गया है। यह व्यवस्था 16 सितंबर से 12 अक्तूबर तक लागू रहेगी। इसका सीधा असर झांसी मंडल से लखनऊ आने-जाने वाले यात्रियों पर पड़ेगा।

पीआरओ मनोज कुमार सिंह ने बताया कि उत्तर रेलवे के लखनऊ स्टेशन पर प्लेटफॉर्म दो और तीन पर पूर्ण ब्लॉक है। प्लेटफॉर्म एक और एमआर-1 पर आंशिक ब्लॉक लिया गया है। वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी-लखनऊ (64701) मेमू अब कानपुर सेंट्रल पर ही समाप्त होगी। वापसी में लखनऊ-वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी (64702) कानपुर सेंट्रल से ही चलेगी।

इस बदलाव से झांसी से लखनऊ जाने वाले दैनिक यात्रियों को कानपुर में ट्रेन बदलनी पड़ेगी। नौकरीपेशा लोगों और छोटे कारोबारियों को भी अन्य साधन से लखनऊ पहुंचना होगा। एलटीटी-लखनऊ (22121) एक्सप्रेस 19, 26 सितंबर, 3 और 10 अक्तूबर को लखनऊ जंक्शन पर समाप्त होगी। लखनऊ-एलटीटी (22122) एक्सप्रेस 20, 27 सितंबर, 4 और 11 अक्तूबर को लखनऊ जंक्शन से रवाना होगी।

लंबी दूरी की ट्रेनों के मार्ग में बदलाव

ब्लॉक के कारण कई लंबी दूरी की ट्रेनों का रास्ता भी बदला गया है। आनंद विहार टर्मिनल-गोरखपुर (12572), गोरखपुर-आनंद विहार टर्मिनल (12571) और ग्वालियर-बरौनी-ग्वालियर (11123/11124) ट्रेनें लखनऊ स्टेशन के बजाय ऐशबाग और मल्हौर होकर चलेंगी। इन ट्रेनों का लखनऊ स्टेशन पर ठहराव नहीं होगा। यात्रियों की सुविधा के लिए ऐशबाग और बादशाहनगर पर निर्धारित अतिरिक्त ठहराव दिया गया है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी अभी की खबरें