अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। महानगर में रविवार को दोपहर में करीब 30 मिनट की तेज बारिश के बाद फुहार गिरनी शुरू हो गई, जो कि लगभग पांच घंटे तक गिरती रही। इससे मौसम खुशगवार हो गया। लगभग 10 मिलीमीटर बारिश हुई और कई इलाकों में जलभराव हो गया।
रविवार को दोपहर करीब दो बजे तक हल्की धूप खिली हुई थी। इसके बाद बादलों में घने काले बादल छाने शुरू हुए। दोपहर तीन बजे तेज बारिश शुरू हो गई। करीब आधा घंटे तक ग्वालियर रोड, बीकेडी, खंडेराव गेट, इलाइट, जेल चौराहा, बस स्टैंड, लक्ष्मी गेट बाहर, शिवाजी नगर, पिछोर, गुमनावारा, आवास विकास समेत कई जगहों पर झमाझम पानी गिरा। फिर बारिश की रफ्तार तो मंद पड़ गई, लेकिन फुहार गिरनी शुरू हो गई, जो कि लगभग नौ बजे तक जारी रही। इससे वातावरण में ठंडक घुल गई।
बारिश के चलते मिनर्वा स्थित गुरुद्वारे के पास, कालीबाड़ी मंदिर के पास, सीपरी बाजार पुल के नीचे समेत कई इलाकों में जलभराव भी हो गया। कृषि विज्ञान केंद्र भरारी के मौसम वैज्ञानिक डॉ. आदित्य कुमार सिंह ने बताया कि रविवार को दिन का तापमान 33.1 डिग्री सेल्सियस रहा, जो कि सामान्य से 1.1 डिग्री अधिक है। वहीं, न्यूनतम पारा 24.4 डिग्री सेल्सियस रहा। उन्होंने बताया कि कभी तेज तो कभी हल्की बारिश आगामी दिनों में भी जारी रहेगी।
