कोंच। नगर के एक मोहल्ले की 16 वर्षीय किशोरी ने अपने पिता पर दुष्कर्म के प्रयास और मारपीट का आरोप लगाया है। पुलिस ने जांच के बाद प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
किशोरी शनिवार को दादा के साथ कोतवाली पहुंची थी। उसने पुलिस को बताया था कि उसकी मां की कई वर्ष पहले मौत हो चुकी है। पिता ने दूसरी शादी कर ली है। उसकी सौतेली मां शिक्षिका है और उरई में रहती है, जबकि किशोरी पिता और दादा के साथ रहती है।
किशोरी ने आरोप लगाया था कि पिता उसे अकेला देखकर कई दिनों से जबरदस्ती करने का प्रयास करता था। आरोप है कि 20 अगस्त को पिता शराब के नशे में घर आया और उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। किशोरी किसी तरह वहां से बचकर निकली और अगले दिन दादा के साथ कोतवाली पहुंचकर पुलिस से मदद मांगी।
प्रभारी निरीक्षक निगवेन्द्र प्रताप सिंह ने बताया कि किशोरी के बयान और तहरीर के आधार पर जांच की गई। आरोप सही पाए जाने पर आरोपी पिता के खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
