कन्नौज। जिले में कृषि कार्य के लिए इस्तेमाल होने वाली ट्रैक्टर-ट्रॉलियां अब सड़कों पर सामान और सवारियां ढोने का जरिया बन गई हैं। नेशनल हाईवे से लेकर ग्रामीण मार्गों तक इनका खुलेआम व्यावसायिक इस्तेमाल हो रहा है। ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में क्षमता से अधिक सामान लादने के साथ कई बार सवारियां ढोने में इस्तेमाल हो रहा है। खास बात तो यह है कि किसी भी ट्रैक्टर-ट्रॉली में न तो पंजीयन संख्या दर्ज होती है और न ही इसमें रिफलेक्टर, टेल लाइट, पार्किंग और इंडिकेटर जैसी कोई व्यवस्था होती है। जिससे हादसों का खतरा हमेशा बना रहता है।
जिले में करीब 1852 ट्रैक्टर-ट्रॉलियां पंजीकृत हैं और करीब 3600 से अधिक ट्रैक्टर-ट्रॉलियां बिना पंजीकरण कराए ही सड़कों पर दौड़ रही हैं। इनका मूल उद्देश्य खेतों में कृषि कार्य और उपज को एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाना है, लेकिन अब इनका इस्तेमाल ईंट, बालू, गिट्टी, निर्माण सामग्री और अन्य सामान ढोने में किया जा रहा है। कई जगह ट्रॉलियों में सवारियां बैठाकर भी आवागमन कराया जा रहा है। खास बात यह है कि ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में पीछे की ओर पर्याप्त सुरक्षा संकेतक, रिफ्लेक्टर, टेल लाइट, इंडिकेटर आदि जरूरी सुरक्षा इंतजाम नहीं होते हैं।
रात के समय बिना पर्याप्त संकेतक वाली ट्रॉलियां दूसरे वाहन चालकों के लिए खतरा बन जाती हैं। वहीं, ओवरलोडिंग से वाहन का संतुलन बिगड़ने का भी अंदेशा रहता है। यातायात माह में पुलिस और परिवहन विभाग की ओर से लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जा रहा है, लेकिन सड़कों पर नियमों की अनदेखी जारी है।
इनसेट
विपरीत दिशा में वाहन चलाने से भी परहेज नहीं
अक्सर हाईवे पर लंबी दूरी से यूटर्न लेकर गंतव्य को जाने के बजाय ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के चालक वाहन को विपरीत दिशा में दौड़ाने से परहेज नहीं करते। ऐसे में हादसे की आशंका बढ़ जाती है। वहीं क्षमता से अधिक सामान लादकर चलने से वाहन का संतुलन बिगड़ने और अचानक ब्रेक लगाने पर दुर्घटना होने का खतरा बना रहता है।
इनसेट
यातायात माह में भी कार्रवाई का इंतजार
यातायात माह के दौरान सड़क सुरक्षा नियमों का पालन कराने के दावे किए जा रहे हैं, लेकिन ट्रैक्टर-ट्रालियों का व्यावसायिक इस्तेमाल और उनमें सवारियां ढोने का सिलसिला जारी है। जिम्मेदार विभागों की सख्ती का इंतजार है।
वर्जन
बोले जिम्मेदार…
कृषि कार्य के लिए पंजीकृत ट्रैक्टर-ट्रालियों का व्यावसायिक इस्तेमाल नियम विरुद्ध है। जांच कर ऐसे वाहनों पर कार्रवाई की जाएगी।
इज्या तिवारी, एआरटीओ
ट्रैक्टर-ट्रालियों से नियम विरुद्ध सवारियां और सामान ढोने वालों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी। कोहरा पड़ने से पहले सभी ट्रैक्टर ट्रॉलियों में रिफ्लेक्टर लगाए जाएंगे।
-रजनेश कुमार, यातायात प्रभारी

फोटो :05: नेशनल हाइवे पर ओवर लोड ट्रैक्टर-ट्राली। संवाद
