कानपुर में ट्रूप कंफर्ट्स लिमिटेड (टीसीएल) की इकाई आयुध उपष्कर निर्माणी (ओईएफ) कानपुर जल्द उत्पादों के परीक्षण में आत्मनिर्भर बन जाएगी। निर्माणी में 10 करोड़ से नई लैब बनाई जाएगी। तीन माह के भीतर निर्माण शुरू होने के बाद करीब एक वर्ष में यह लैब तैयार हो जाएगी। इसके बाद चमड़ा, कपड़ा और मेटल उत्पादों का परीक्षण शहर में ही संभव होगा। इसके साथ निजी कंपनियां भी अपने उत्पादों का परीक्षण करा सकेंगी।
वर्तमान में ओईएफ की पुरानी लैब में लगभग 80 प्रतिशत उत्पादों की जांच हो जाती है जबकि शेष 20 प्रतिशत सैंपल परीक्षण के लिए मेरठ और मुंबई की लैब में भेजने पड़ते हैं। इससे समय और लागत दोनों बढ़ते हैं। नई लैब शुरू होने के बाद बाहरी प्रयोगशालाओं पर निर्भरता समाप्त हो जाएगी और गुणवत्ता परीक्षण की प्रक्रिया अधिक तेज और प्रभावी बनेगी।
