उत्तर प्रदेश टी-20 लीग के चौथे सीजन का भव्य आगाज 14 अगस्त से इकाना स्टेडियम में होगा। उद्घाटन समारोह को यादगार बनाने के लिए प्रसिद्ध गायक शंकर महादेवन अपनी प्रस्तुति देंगे। यहां मशहूर गायिका जैस्मीन सैंडलास भी मंच साझा करेंगी। आतिशबाजी और आकर्षक ड्रोन शो मुख्य आकर्षण रहेगा।
यूपी टी-20 लीग की गवर्निंग काउंसिल ने पहले प्रस्तावित सितार वादक रिषभ रिखीराम की जगह शंकर महादेवन को आमंत्रित किया है। उनके देशभक्ति गीत और लोकप्रिय बॉलीवुड गीतों की प्रस्तुतियों खेल प्रेमियों का उत्साह बढ़ाएंगी। शंकर महादेवन लंबे समय बाद किसी प्रमुख क्रिकेट टूर्नामेंट के उद्घाटन समारोह में प्रस्तुति देंगे। रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम के बाद लीग के पहले मुकाबले के साथ चौथे सीजन का रोमांच शुरू होगा। इस बार लीग के मुकाबले लखनऊ और कानपुर दोनों शहरों में खेले जाएंगे।
