सीओडी पुल के पास बुधवार दोपहर रोडवेज की टक्कर से स्कूटी धू-धूकर जलने लगी। इससे जीटी रोड पर अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन ट्रैफिक पुलिस ने वाहनों को दूसरी लेन से पास कराया। स्कूटी के जल जाने तक करीब 45 मिनट तक रामादेवी चौराहे से आने वाले वाहन ग्लाडर्स इंडिया लिमिटेड (जीआईएल) के कट से एक ही लेन में होकर गुजरे। टाटमिल चौराहा, झकरकटी पुल से वाहन रुक-रुककर रवाना हुए।
बर्रा निवासी सुधा दोपहर करीब सवा तीन बजे श्यामनगर मोड़ से टाटमिल चौराहे की ओर आ रही थीं। सीओडी पुल से महज 150 मीटर दूरी पर तेज रफ्तार रोडवेज बस स्कूटी को छूते हुए निकल गई। स्कूटी बेकाबू होकर गिर गई। युवती ने किसी तरह से अपने आप को बचाया। देखते ही देखते स्कूटी में शाॅर्ट सर्किट हुआ और आग लग गई।
इस बीच पीछे से ट्रैफिक इंस्पेक्टर राजेश मिश्रा स्टाफ के साथ आ रहे थे। उन्होंने आग को बुझाने का प्रयास किया लेकिन आग और भड़क उठी। यह हादसा जीआईएल कार्यालय के नजदीक हुआ था। उन्होंने ट्रैफिक स्टाफ से जीआईएल कट से यातायात डायवर्ट कराया। रामादेवी चौराहे से आने वाले वाहनों को बगल वाली लेन से पास भेजा। इससे वाहनों की लाइन लग गई। कैंट पुलिस को सूचना दी गई। वहां के स्टाफ ने वाहनों को पास कराया।
ट्रैफिक इंस्पेक्टर राजेश मिश्रा ने बताया कि समय रहते ही ट्रैफिक को डायवर्ट करा दिया गया। करीब 45 मिनट तक सीओडी क्रॉसिंग से रामादेवी की ओर जाने वाली सड़क पर वाहनों का भार हो गया था। ट्रैफिक पुलिस और कैंट पुलिस ने मिलकर वाहनों को पास कराया।
